Bilaspur News: भाई-बहन का रिश्ता जीवन के सबसे मुश्किल दौर में सबसे बड़ा संबल बनता है। हिमाचल प्रदेश का 100 साल से भी अधिक पुराना प्रसिद्ध लोकगीत ‘मोहणा’ इसी भाई-बहन के प्रेम और बलिदान की एक सच्ची और दर्दनाक दास्तां को बयां करता है, जिसने इतिहास के पन्नों में अपनी एक अलग छाप छोड़ी है।
क्या है हिमाचल का ऐतिहासिक ‘मोहणा’ लोकगीत?
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश लोकगीत प्रतीकों पर आधारित रहे हैं, जहां कभी पक्षियों तो कभी खाने-पीने की चीजों जैसे पापड़, जीरा और वड़ियों के जरिए मन की बात कही जाती रही है। लेकिन, बिलासपुर की केहलूर रियासत से जुड़ा ‘मोहणा’ लोकगीत पूरी तरह से एक सच्ची और हृदय विदारक घटना पर आधारित है।
यह घटना राजा बिजय चंद के शासनकाल की है, जब मोहणा नाम का एक सीधा-साधा युवक वहां रहता था। उसका भाई तुलसी राजा के दरबार में नौकर था। तुलसी से किसी कारणवश एक व्यक्ति की हत्या हो गई। इसके बाद वह अपने भाई मोहणा के पास पहुंचा और उससे कहा कि घर की सारी जिम्मेदारी उसके कंधों पर है, इसलिए वह हत्या का इल्जाम अपने सिर ले ले। तुलसी ने मोहणा को भरोसा दिलाया था कि वह राजा से बात करके उसे सुरक्षित बचा लेगा।
बिना जुर्म के भाई के लिए दी थी फांसी की सजा स्वीकार
भाई के झूठे आश्वासन पर विश्वास करके मोहणा ने जुर्म अपने ऊपर ले लिया, लेकिन तुलसी अपने वादे को पूरा नहीं कर सका। नतीजतन, साल 1922 में निर्दोष मोहणा को फांसी पर लटका दिया गया। किंवदंतियों के अनुसार, फांसी से ठीक एक रात पहले मोहणा इस पूरे रहस्य को एक सिपाही को बता गया था। इस अप्रत्याशित और दर्दनाक बलिदान ने हिमाचल के लोगों के दिलों पर गहरा प्रभाव छोड़ा, जिसके बाद स्थानीय कवियों ने इस घटना को शब्दों में पिरोकर अमर लोकगीत बना दिया।
लोकगीत में झलकती है बेबसी और पीड़ा
इस प्रसिद्ध लोकगीत के बोल कुछ इस प्रकार हैं: ‘तू नीं दिसदा ओ-मोहणा-तू नीं दिसदा! मोया पला पला मेरा रोज खून सुकदा-खम्बे गडिते ओ मोहणा, खम्बे गडिते। बारा बजी गे ओ मोहणा-बारा बजी गे……..।’
इस गीत के माध्यम से गायक मोहणा के बिछड़ने के दर्द और उसकी पीड़ा को व्यक्त करता है। यह उस मर्मस्पर्शी क्षण की जीवंत प्रस्तुति है, जब मोहणा को फांसी की सजा सुना दी जाती है और उसके जीवन की कोई उम्मीद बाकी नहीं बचती। आज भी यह लोकगीत हिमाचल की लोक संस्कृति में भाई के प्रति असीम त्याग और बलिदान की अमिट कहानी के रूप में याद किया जाता है।