हिमाचल में विदेशी सेब पर आयात शुल्क घटाने के खिलाफ किसान कांग्रेस का हल्लाबोल, प्रदेशभर में आंदोलन का ऐलान

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस ने विदेशी सेब पर आयात शुल्क घटाने के खिलाफ पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि ड्यूटी कम होने से स्थानीय बागवानों को नुकसान हो रहा है।

राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के फैसलों से विदेशी सेब बाजार में हावी हो रहा है। इससे स्थानीय फल उत्पादकों को सही दाम नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के वादों पर भी सवाल उठाए।

रवि शर्मा ने बताया कि किसान कांग्रेस अपने संगठन का तेजी से विस्तार कर रही है। शिमला जिले के साथ ब्लॉक और बूथ स्तर पर नई कार्यकारिणी बनाने का काम अंतिम चरण में है। यह टीम बागवानों की आवाज को निचले स्तर तक मजबूती से पहुंचाएगी।

शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में बागवानों के संरक्षण का जो वादा किया गया था, वह पूरी तरह हवा-हवाई साबित हुआ है। संगठन किसानों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगा।

हिमराल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों और बागवानों के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी वादों को पूरा न करके बागवानों के साथ वादाखिलाफी की गई है, जिससे राज्य की सेब आधारित आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है।

ठियोग से ताल्लुक रखने वाली शिमला जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष ममता ठाकुर ने कहा कि संगठन में महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विदेशी सेब के आगमन से स्थानीय अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। संगठन इस मुद्दे को बूथ स्तर तक उठाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News