Shimla News: हिमाचल राज्य बिजली बोर्ड के कर्मचारियों, इंजीनियरों और पेंशनरों ने बुधवार को राजधानी शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया। विभिन्न लंबित मांगों को लेकर भारी संख्या में जुटे कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। कर्मचारियों की मुख्य मांग बिजली बोर्ड में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को जल्द से जल्द बहाल करना है।
कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर सुबह 11 बजे कुमार हाउस से आंबेडकर चौक तक एक विशाल रैली निकाली गई। इसके बाद आंबेडकर चौक पर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस पूरे आंदोलन को ज्वाइंट एक्शन कमेटी (एचपीएसईबीएल) ने भी अपना पूर्ण समर्थन दिया है।
कर्मचारियों की मुख्य मांगों में बिजली बोर्ड में ओपीएस लागू करने के साथ खाली पदों पर नियमित भर्ती शुरू करना शामिल है। इसके अलावा कर्मचारी मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं को भी तुरंत लागू करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार उनकी जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है।
इससे एक दिन पहले चौड़ा मैदान में हजारों पेंशनर्स ने भी अपनी लंबित देनदारियों और महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया था। लगातार हो रहे इन आंदोलनों से प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।