हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में स्थगित प्रश्नों के जवाब न मिलने पर भड़का विपक्ष, सरकार पर लगाए आरोप

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में बुधवार को स्थगित प्रश्नों के जवाब न मिलने पर विपक्ष ने भारी हंगामा किया। बार-बार सवाल लगाने के बावजूद जानकारी न मिलने से नाराज भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने अपना सवाल हटाने की बात कह दी। सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री द्वारा किए गए उद्घाटन और शिलान्यास का ब्योरा मांगा था।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार सूचनाएं छिपा रही है और विधायकों को जानकारी से वंचित रखना अपराध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों का पूरा रिकॉर्ड होता है और यह जानकारी जुटाना महज पांच मिनट का काम है। भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने भी कहा कि यह प्रश्न इतना जटिल नहीं है कि तीन सत्र बीत जाएं।

सदन में उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार कोई जानकारी नहीं छिपाना चाहती। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी शीतकालीन या बजट सत्र तक सभी विवरण दे दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने पिछली सरकार की तुलना में अधिक नौकरियां दी हैं और शिलान्यास भी किए हैं।

दूसरी ओर, कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कसौली में जाईका परियोजना के तहत कूहलों के निर्माण में अनियमितता की जांच के आदेश दिए हैं। विधायक विनोद सुल्तानपुरी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि 4.95 करोड़ रुपये की इस योजना में गुणवत्ता की अनदेखी पर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है। विधायक ने निर्माण कार्य के निम्न स्तर पर सवाल उठाए थे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News