Shimla News: हिमाचल प्रदेश में इस साल सेब उत्पादन में पिछले सीजन के मुकाबले करीब 20 हजार मीट्रिक टन की कमी दर्ज की गई है। मंडियों में अब तक 3.87 लाख मीट्रिक टन सेब पहुंचा है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 4.07 लाख मीट्रिक टन की आवक हो चुकी थी।
जलवायु परिवर्तन और बेमौसम बारिश से बागवानी पर बड़ा असर
दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच सामान्य से कम बर्फबारी और बारिश के कारण सेब के बागानों को जरूरी चिलिंग ऑवर नहीं मिल सके। इसके बाद बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फ्लावरिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई। फल गिरने की दर अधिक रहने से सेब का सीजन करीब 15 दिन की देरी से शुरू हुआ।
राज्य में पिछले साल लगभग सात लाख टन सेब उत्पादन हुआ था, लेकिन इस बार यह आंकड़ा 3.5 से 3.75 लाख टन रहने का अनुमान है। बागवानी विभाग के निदेशक डॉ. सतीश कुमार शर्मा के अनुसार सीजन अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है, जिससे अंतिम आंकड़ों में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है।
मंडियों में घटी खरीद, पांच हजार करोड़ की आर्थिकी पर संकट
मंडी मध्यस्थता योजना के तहत इस बार सिर्फ 32 हजार मीट्रिक टन खरीद हुई है, जबकि पिछले साल 49 हजार मीट्रिक टन हुई थी। राज्य की सेब आर्थिकी करीब पांच हजार करोड़ रुपये की है। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के अनुसार बदलते मौसम की चुनौतियों से निपटने के लिए हाई डेंसिटी पौधरोपण जरूरी है।