Hamirpur: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शादी से महज 20 दिन पहले उत्तराखंड में ड्यूटी के दौरान 26 वर्षीय फौजी जवान अक्षय कुमार का निधन हो गया। रविवार, 15 नवंबर को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर, उमड़ी लोगों की भीड़
नंधन पंचायत के रूथवाणी गांव के रहने वाले वीर सिपाही अक्षय कुमार उत्तराखंड में अपनी सेवाएं दे रहे थे। भारतीय सेना की छठी डोगरा रेजिमेंट की टुकड़ी जब तिरंगे में लिपटे उनका पार्थिव शरीर लेकर पैतृक गांव पहुंची, तो हर आंख नम हो गई। घर के आंगन में अंतिम दर्शन के लिए रखे गए पार्थिव शरीर को देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।
इसके बाद टाउन भड़ारी स्थित श्मशानघाट पर हजारों लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं। उनके चचेरे भाई साहिल ठाकुर ने मुखाग्नि दी, जबकि सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ इन्फ़रेंस (गार्ड ऑफ ओनर) देकर अपने साथी जवान को अंतिम सलामी दी।
पिता के दर्दनाक शब्दों ने झकझोर दिया दिल
अंतिम संस्कार के दौरान पिता राजकुमार का दर्द शब्दों में फूट पड़ा। बेटे के पार्थिव शरीर के सामने तिरंगा हाथ में लेते हुए उन्होंने कहा कि रस्में ही तो बदली हैं, पटाखों और डीजे की गूंज तो शादी जैसी ही है और लोगों का हुजूम भी तेरी शादी में ऐसा ही होता। पिता के इन भावुक और झकझोर देने वाले शब्दों को सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
दिग्गजों और गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि
भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने प्रदेश सरकार की ओर से वीर जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अक्षय के पिता राजकुमार, डीएसपी हरीश गुलेरिया, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, तहसीलदार भोरंज डॉ. आशीष, नरेंद्र कुमार दर्जी, बीडीसी सदस्य मनोज कुमार और पंचायत प्रधान रवि कुमार सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।