Hamirpur News: हमीरपुर सदर से भाजपा विधायक आशीष शर्मा पर मामला दर्ज होने के बाद सियासत तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने प्रदेश सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता और विपक्ष के तीखे सवालों का तथ्यात्मक उत्तर देने के बजाय पुलिस कार्रवाई कर राजनीतिक प्रतिशोध साधने में जुटी है।
गांधी चौक पर हुए प्रदर्शन के बाद दर्ज हुआ पुलिस मामला
शिमला से जारी बयान में कपूर ने बताया कि हमीरपुर सदर पुलिस थाना में विधायक के खिलाफ यह एफआईआर दर्ज हुई है। यह शिकायत एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा की ओर से दी गई है। शिकायत में गांधी चौक पर भाजपा के प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री और सरकार के खिलाफ दिए बयानों का हवाला देकर जांच शुरू की गई है।
त्रिलोक कपूर ने स्पष्ट किया कि विधायक आशीष शर्मा ने सार्वजनिक मंच से जमीन सौदों, बस अड्डे और रोबोटिक सर्जरी उपकरणों की खरीद पर सरकार से सीधे सवाल पूछे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री परिवार से जुड़े लगभग 750 कनाल जमीन खरीद, उसके हस्तांतरण और मूल्यांकन पर गंभीर आरोप लगाए थे। सरकार को इन सभी बिंदुओं पर स्थिति साफ करनी चाहिए।
लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, तथ्यों से जवाब दे सरकार
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधि का सवाल पूछना कोई गुनाह नहीं है। अगर सरकार आरोपों को बेबुनियाद मानती है, तो उसे कागजात और सबूतों के साथ जनता के सामने आना चाहिए। एफआईआर दर्ज कराना किसी बात का समाधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में इस समय जनता की नहीं, एफआईआर की सरकार चल रही है।