Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में पकड़े गए 21 साल के मोहम्मद हमजा को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। खुफिया एजेंसियों की सूचना पर हुई इस कार्रवाई के बाद कई अहम खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच टीमें अब आरोपी से जुड़े अन्य संपर्कों की गहनता से तलाश कर रही हैं।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला हमजा हमीरपुर में दर्जी का काम सीख रहा था। दिल्ली से आई आईबी और मिलिट्री इंटेलिजेंस की स्पेशल टीम ने आरोपी से लंबी पूछताछ की है। जांच में सामने आया कि वह पाकिस्तान के कई कट्टरपंथियों के सीधे संपर्क में था और सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय बना हुआ था।
पाकिस्तानी कट्टरपंथी ग्रुप्स और ओसामा बिन लादेन से कनेक्शन
रिपोर्ट्स के अनुसार हमजा ओसामा बिन लादेन की सोच का समर्थन करने वाले ग्रुप्स से जुड़ा था। वह आलमदार ग्रुप, गजवा-ए-हिंद और यूनाइटेड उम्माह जैसे प्लेटफॉर्म्स पर भी एक्टिव था। पाकिस्तानी हैंडलर्स द्वारा उसका ब्रेनवाश किए जाने का अंदेशा है। सीआईडी ने आईबी के स्केच के आधार पर उसे पकड़ा, जिसके बाद उसने अपनी पहचान कबूल ली।
आरोपी हमजा पिछले तीन सालों से हमीरपुर की प्रताप गली में किराए के कमरे में रह रहा था। आठवीं पास हमजा ने इससे पहले पालमपुर में पढ़ाई की थी। अब पुलिस ने अपनी जांच का दायरा पालमपुर तक बढ़ा दिया है। पुलिस आज आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश करेगी, जबकि मामले में अतिरिक्त जानकारी अभी गोपनीय रखी गई है।