Hamirpur News: हमीरपुर स्थित शिवाय रेस्तरां में विभिन्न 17 पदों पर भर्ती के लिए उप रोजगार कार्यालय भोरंज में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। ये साक्षात्कार 9 सितंबर को सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार जरूरी दस्तावेजों के साथ इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मैनेजर के एक पद के लिए एमबीए पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए एक से दो साल का अनुभव जरूरी है। चयनित अभ्यर्थी को 2.16 लाख रुपए का सालाना पैकेज मिलेगा। रिसेप्शनिस्ट के तीन पदों के लिए ग्रेजुएट युवाओं को 1.44 लाख रुपए मिलेंगे।
सर्विस के पांच पदों के लिए होटल मैनेजमेंट डिप्लोमा और दो से तीन साल का अनुभव मांगा गया है। इसके लिए 1.80 लाख का पैकेज तय है। हेड शेफ के एक पद के लिए 3.00 लाख रुपए सालाना पैकेज मिलेगा। इसके लिए डिग्री या डिप्लोमा के साथ तीन-चार साल का अनुभव जरूरी है।
विभिन्न शेफ और हाउसकीपिंग पदों के लिए योग्यता और शर्तें
कॉन्टिनेंटल, चाइनीज और साउथ इंडियन व्यंजनों के तीन अलग-अलग शेफ पदों के लिए डिप्लोमाधारक पात्र होंगे। इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 2.04 लाख रुपए वार्षिक वेतन दिया जाएगा। हाउसकीपिंग के चार पदों के लिए 10वीं पास युवा आवेदन कर सकते हैं, जिनका पैकेज 1.44 लाख रुपए होगा।
इन सभी भर्तियों के लिए उम्मीदवारों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में रजिस्टर्ड होना चाहिए। पात्र युवा अपने मूल शैक्षणिक दस्तावेजों और हिमाचली बोनाफाइड सर्टिफिकेट के साथ इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।