Kangra News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को ढगवार में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक मशीनरी, मिल्क कलेक्शन वैन और सहकारी समितियों से किसानों को जोड़ने की समीक्षा की। प्लांट के डिजिटलीकरण के लिए 1.25 करोड़ रुपये और संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी दी जाएगी।
ढगवार में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को निर्माणाधीन मिल्क प्लांट का निरीक्षण कर इसकी प्रगति, आधुनिक मशीनरी और दुग्ध प्रसंस्करण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्लांट की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्लांट में लगी स्वचालित दुग्ध प्रसंस्करण प्रणाली की जानकारी ली और दूध से दही, घी व पनीर सहित विभिन्न दुग्ध उत्पाद बनाने की प्रक्रिया के बारे में अधिकारियों से बात की। किसानों से एकत्रित दूध का बेहतर प्रसंस्करण कर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने के उद्देश्य से मशीनों की कार्यक्षमता का भी जायजा लिया गया।
गांवों से दूध जुटाएगी 300 लीटर की वैन
मुख्यमंत्री ने 300 लीटर क्षमता वाली अत्याधुनिक मिल्क कलेक्शन वैन को भी देखा। यह वैन गांव-गांव जाकर किसानों के घरों से दूध एकत्रित करेगी। वैन में ही दूध की गुणवत्ता जांचने की सुविधा रहेगी, जिससे दूध की गुणवत्ता के आधार पर उसका मूल्य तय हो सकेगा। दूध की गुणवत्ता, मात्रा और कीमत से जुड़ी पूरी जानकारी पारदर्शी तरीके से मिल्क प्लांट तक पहुंचेगी।
इस व्यवस्था से दुग्ध उत्पादक किसानों को दूध बेचने के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीकरण की प्रक्रिया तेज करने और अधिक से अधिक किसानों को इन समितियों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि संयंत्र के लिए पर्याप्त मात्रा में दूध उपलब्ध हो सके। सरकार संयंत्र के डिजिटलीकरण के लिए 1.25 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाएगी, जबकि इसके सुचारू व प्रभावी संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी भी दी जाएगी।
दूध कारोबार से खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ढगवार दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र चार जिलों के दुग्ध उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में मील पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार एवं आर्थिक विकास के नए अवसर बनेंगे तथा दुग्ध क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, आयुष एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष निशु मोंगरा, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, देवेंद्र जग्गी, चौधरी हरभजन सिंह, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा सहित अन्य अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।