ढगवार में 250 करोड़ के मिल्क प्लांट का सीएम सुक्खू ने किया निरीक्षण, किसानों को मिलेगा लाभ

Share

- Advertisement -

Kangra News: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को ढगवार में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने आधुनिक मशीनरी, मिल्क कलेक्शन वैन और सहकारी समितियों के गठन की समीक्षा की। संयंत्र के डिजिटलीकरण के लिए 1.25 करोड़ रुपये और संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी दी जाएगी।

ढगवार में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा देने के लिए तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को इस संयंत्र का निरीक्षण कर निर्माण प्रगति, आधुनिक मशीनरी और दुग्ध प्रसंस्करण व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्लांट की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संयंत्र में लगी स्वचालित दुग्ध प्रसंस्करण प्रणाली की जानकारी ली और दूध से दही, घी व पनीर सहित अन्य उत्पाद बनाने की प्रक्रिया पर बात की। किसानों से जुटाए गए दूध का बेहतर प्रसंस्करण कर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने के उद्देश्य से मशीनों की कार्यक्षमता भी देखी गई।

गांवों से दूध जुटाएगी 300 लीटर की वैन

मुख्यमंत्री ने 300 लीटर क्षमता वाली मिल्क कलेक्शन वैन का भी निरीक्षण किया। यह वैन गांव-गांव जाकर किसानों के घरों से दूध एकत्रित करेगी। वैन में ही दूध की गुणवत्ता जांचने की सुविधा रहेगी, जिससे गुणवत्ता के आधार पर दूध की कीमत तय हो सकेगी। दूध की गुणवत्ता, मात्रा और कीमत से जुड़ा ब्योरा पारदर्शी तरीके से प्लांट तक पहुंचेगा।

इस व्यवस्था से पशुपालकों को दूध बेचने के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुग्ध सहकारी समितियों के पंजीकरण की प्रक्रिया तेज करने और अधिक से अधिक किसानों को इनसे जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि संयंत्र को पर्याप्त दूध मिल सके। सरकार संयंत्र के डिजिटलीकरण के लिए 1.25 करोड़ रुपये और संचालन के लिए 29.49 करोड़ रुपये की कार्यशील पूंजी उपलब्ध करवाएगी।

दूध कारोबार से खुलेंगे रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ढगवार दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र चार जिलों के दुग्ध उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर बनेंगे तथा दुग्ध क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, आयुष एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष निशु मोंगरा, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, देवेंद्र जग्गी, चौधरी हरभजन सिंह, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा सहित अन्य अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News