Dehra News: हिमाचल प्रदेश के देहरा से पूर्व विधायक होशियार सिंह के खिलाफ विधायक निधि में 13 लाख रुपये के घोटाले के आरोप में विजिलेंस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच के दौरान 16 लाभार्थियों के बैंक खातों का ब्योरा सामने आने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की है।
विजिलेंस टीम ने उन सभी 16 लाभार्थियों की पहचान कर ली है, जिनके बैंक खातों में वर्ष 2023 और 2024 के दौरान विधायक निधि से पैसे भेजे गए थे। पुलिस मुख्यालय ने पुष्टि की है कि पूर्व विधायक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 और 420 के तहत मामला दर्ज हुआ है।
बिना आवेदन के खातों में भेजी गई 50 हजार की रकम
करियाड़ा निवासी सुमित और खैरियां निवासी अजीत पाल सिंह की शिकायत पर यह जांच शुरू हुई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बिना कोई आवेदन किए ही कई लोगों के बैंक खातों में 50-50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इस गड़बड़ी की जानकारी सामने आने पर जांच तेज कर दी गई।
जांच में लाभार्थियों ने विजिलेंस को बताया कि बैंक खाते में राशि आने के बाद उन्होंने कैश निकालकर तत्कालीन विधायक के कहने पर वापस दे दिया था। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2023 में छह लाख रुपये और वर्ष 2024 में सात लाख रुपये की मदद राशि जारी की गई थी।
दस्तावेजों, बैंक डिटेल्स और गवाहों के बयानों के आधार पर विजिलेंस ने इसे धोखाधड़ी और सरकारी धन का दुरुपयोग माना है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है, हालांकि इस संदर्भ में प्रतिक्रिया लेने के लिए पूर्व विधायक से संपर्क साधने का प्रयास किया गया पर उनका फोन बंद रहा।