हिमाचल प्रदेश के चंबा और लाहौल-स्पीति में फटा बादल, तीन मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू और कई जिलों में रेड अलर्ट

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच मंगलवार दोपहर चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों में बादल फटने की घटनाएं हुईं। चंबा के होली क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ में फंसे तीन मजदूरों को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाल लिया। वहीं, लाहौल-स्पीति में फसलों, कृषि भूमि और रास्तों को नुकसान पहुंचा है।

चंबा में नाले के बीच फंसे तीन मजदूर बचे

जानकारी के अनुसार, चंबा जिले के होली क्षेत्र स्थित कलाह नाले के किनारे तीन मजदूर काम कर रहे थे। बादल फटने के कारण नाले का जलस्तर अचानक बहुत तेजी से बढ़ गया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत करके और पानी का बहाव कम होने पर तीनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला।

लाहौल-स्पीति में खेतों और रास्तों को नुकसान

लाहौल-स्पीति के खांगसर और शूगू गांव के पास बादल फटने से नालों में भारी मलबे के साथ उफान आ गया। तेज बहाव से किसानों की फसलें, कृषि भूमि और ग्रामीण रास्ते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों का बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बुधवार के लिए भी चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिले में रेड अलर्ट दिया है। इन इलाकों में अत्यधिक बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने फ्लैश फ्लड के खतरे पर दी चेतावनी

प्रशासन ने अगले 24 से 48 घंटे के दौरान फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की चेतावनी दी है। आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने, गैर-जरूरी यात्रा से बचने और आधिकारिक अपडेट पर नजर रखने की सख्त सलाह दी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News