चिंतपूर्णी में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होगा शारदीय नवरात्र मेला, तैयारियों और सुविधाओं के विशेष प्रबंध

Share

- Advertisement -

Una News: उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी धाम में रविवार से शारदीय नवरात्र मेलों का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह प्रसिद्ध नवरात्र मेला 11 अक्टूबर से शुरू होकर 20 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। 19 अक्टूबर को माता के दरबार में श्री दुर्गाष्टमी का पावन पर्व मनाया जाएगा।

नवरात्र मेले के दौरान मंदिर प्रशासन ने लगभग डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई है। श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन के लिए विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रबंधक चिंतपूर्णी पहुंच गए हैं। लंगरों में श्रद्धालुओं को व्रत का खाना भी परोसा जाएगा। पुजारी वर्ग रोजाना जनकल्याण के लिए मंदिर में हवन यज्ञ आयोजित करेगा।

भक्तों को मां चिंतपूर्णी के दर्शन बिना पर्ची के भी प्राप्त होंगे। इसके साथ ही सुगम दर्शन पर्ची की सुविधा बाबा माईदास सदन के काउंटर और ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पर्ची प्राप्त कर सकते हैं। 1100 रुपये का शुल्क देकर बिना लंबी लाइन में लगे सुगम दर्शन किए जा सकते हैं।

नवरात्र के पहले दिन मंदिर के कपाट तड़के 4 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। दुर्गाष्टमी पर विशेष पूजा और कन्या पूजन का आयोजन होगा। मंदिर बंद होने का समय भक्तों की संख्या को देखते हुए तय किया जाएगा। आपातकालीन स्थिति के लिए चिंतपूर्णी अस्पताल 24 घंटे खुला रहेगा और दो मेडिकल पोस्ट भी बनाई गई हैं।

सफाई और शुद्ध पेयजल का जिम्मा जल शक्ति विभाग संभालेगा। मेले के दौरान भिक्षावृत्ति पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी, जिसकी निगरानी पुलिस और होमगार्ड जवान करेंगे। मुख्य द्वार पर नारियल चढ़ाने पर भी रोक रहेगी। लंगर लगाने के लिए संस्थाओं को पूर्व अनुमति के साथ 10 हजार रुपये फीस और 10 हजार धरोहर राशि देनी होगी।

प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को चार प्रमुख सेक्टरों में विभाजित किया है। माता के दरबार को सजाने के लिए एक श्रद्धालु की मदद से विशेष देशी-विदेशी फूल मंगवाए गए हैं। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि प्रशासन ने श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और सभी आवश्यक सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम पूरे कर लिए हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News