Shimla News: हिमाचल प्रदेश में बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शनिवार को राज्य सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों में करीब 14,000 रिक्त पदों को भरने की हरी झंडी दी गई है।
बैठक के दौरान लगभग 200 महत्वपूर्ण एजेंडों पर व्यापक चर्चा हुई और उन्हें मंजूरी प्रदान की गई। राज्य के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि सरकार ने मार्च महीने तक इन सभी पदों को भरने का समयबद्ध लक्ष्य रखा है।
उद्योग मंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार अब तक 32 हजार युवाओं को नौकरियां दे चुकी है, जबकि 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया पहले से चल रही है। आज मंजूर किए गए 14 हजार पदों के साथ कुल 50 हजार नौकरियां देने का लक्ष्य पूरा हो जाएगा।
स्वीकृत पदों के तहत शिक्षा विभाग में शिक्षकों के रिक्त पद एलडीआर के माध्यम से भरे जाएंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में रेडियोग्राफर के 40, स्टाफ नर्स के 500 और विशेषज्ञ डॉक्टरों के 40 पद मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा आबकारी विभाग में जेओए आईटी के 10 और बागवानी विस्तार अधिकारी के 20 पद भरे जाएंगे।
मंत्रिमंडल ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली रितु नेगी सहित चारों कबड्डी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि देने का बड़ा फैसला लिया। इसके साथ ही इन विजेता एथलीटों को पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
