माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासन सतर्क, 22 से 24 नवंबर तक होगा आयोजन

Share

- Advertisement -

Una News: माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बुधवार को अंब के बीडीओ कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह महोत्सव आगामी 22 से 24 नवंबर तक उपमंडल अंब के मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा।

भव्य शोभायात्रा और मंत्रियों का प्रस्तावित आगमन

उपायुक्त ने जानकारी दी कि तीन दिवसीय इस महोत्सव का शुभारंभ 22 नवंबर को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो एसडीएम कार्यालय अंब तक पहुंचेगी। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आगमन प्रस्तावित है। प्रशासन महोत्सव को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सभी प्रबंधों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में जुटा है।

कलाकारों के ऑडिशन और छूट के नियम

सांस्कृतिक संध्याओं में अपनी प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों के लिए ऑडिशन की प्रक्रिया 12 और 13 नवंबर को महाराणा प्रताप कॉलेज में आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों और पुरस्कार विजेताओं को इन ऑडिशन से छूट प्रदान की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभावान कलाकारों को मंच मिल सके।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News