Chamba News: श्री मणिमहेश यात्रा 2026 के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बुधवार को हड़सर से डल झील तक यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटी प्लास्टिक बोतलों पर रोक
उपायुक्त ने दुकानदारों से प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण में सहयोग की अपील की। उन्होंने यात्रा मार्ग पर छोटी पानी की बोतलों, नमकीन के छोटे पैकेटों और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इससे प्लास्टिक कचरे की रोकथाम और जैव विविधता की सुरक्षा होगी।
रास्तों और ग्लेशियर पॉइंट की मरम्मत के दिए निर्देश
मुकेश रेपस्वाल ने धनछो के पास दुनाली में पैदल पुल, सड़क और सुंदरसी से ऊपर ग्लेशियर पॉइंट की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने आवंटित निविदाओं के तहत रास्तों के निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के आदेश दिए हैं।
श्रद्धालुओं के लिए अनिवार्य पंजीकरण और मौसम की चेतावनी
उपायुक्त ने यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रवाना होने से पहले अपना अनिवार्य पंजीकरण जरूर करवाएं। उन्होंने कहा कि मौसम का पूर्वानुमान देखने के बाद ही यात्रा शुरू करें। बिना पंजीकरण के किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं होगी।