हिमाचल के चंबा में दर्दनाक बस हादसा, सात यात्रियों की मौत और 11 गंभीर रूप से घायल

Share

- Advertisement -

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बैरागढ़ के पास एक भीषण बस दुर्घटना में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। शर्मा ट्रैवलर्स की यह बस सुबह करीब साढ़े छह बजे देवीकोठी-बैरागढ़-चंबा मार्ग पर अपनी मंजिल की ओर रवाना हुई थी।

रवाना होने के मात्र पांच किलोमीटर बाद ही बैरागढ़ से आगे चलूंज मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद वाहन करीब 150 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा। हादसे से ठीक पहले चालक ने बस में आई तकनीकी खराबी को भांप लिया था और उसने फोन पर किसी को इस समस्या की जानकारी भी दी थी।

एक घायल यात्री ने बताया कि चालक देशराज ने दुर्घटना से कुछ देर पहले ही फोन पर किसी व्यक्ति से बस की तकनीकी खराबी के बारे में बात की थी। सामने से जवाब आया कि किसी तरह बस को तीसा तक पहुंचा दो, वहां इंतजाम कर देंगे। इसके थोड़ी देर बाद चलूंज मोड़ पर बस अचानक बेकाबू होकर नीचे गिर गई।

शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह बस का स्टीयरिंग एंड टूटना सामने आ रहा है। स्टीयरिंग एंड टूटने के कारण चालक का वाहन पर से नियंत्रण पूरी तरह से छूट गया और बस पलटकर नीचे जा गिरी। पुलिस ने इस पूरे मामले में केस दर्ज कर हादसे के असल कारणों की जांच शुरू कर दी है।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा भेजा गया, जिनमें से तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए टांडा रेफर किया गया है। जहां से बस गिरी, वहां पैरापिट या क्रैश बैरियर नहीं थे। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार और घायलों को 5-5 हजार रुपये राहत राशि दी है।

इस भीषण सड़क दुर्घटना में चार बेटियों के साथ मायके जा रही 39 वर्षीय नीलमा की भी जान चली गई। उनकी चार नन्हीं बेटियां हर्षिता, प्रियंका, नेहा और कविता गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में बाहला निवासी एक दंपती जगदेव और उनकी पत्नी हरदेई की भी मौत हो गई। एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की जांच जारी होने की पुष्टि की है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News