Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह उपमंडल में रविवार को एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। बैरागढ़-देवीकोठी-टेपा मार्ग पर घुलेई के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और हवा में लटक गई। हादसे के वक्त बस में यात्री नहीं थे, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
बस बैक करते समय बिगड़ा संतुलन, खाई में जाने से बची
प्राप्त जानकारी के अनुसार घुलेई के समीप निजी बस की नियमित धुलाई और साफ-सफाई की जा रही थी। काम पूरा होने के बाद चालक बस को बैक कर रहा था, तभी अचानक उसका नियंत्रण खो गया। बस का पिछला हिस्सा सड़क से उतरकर ढलान की तरफ लुढ़क गया, लेकिन वह तीखे मोड़ पर अटक गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने फुर्ती दिखाकर चालक-परिचालक को निकाला
बस को आधा हवा में लटका देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे चालक और परिचालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि गहरी खाई की ओर लुढ़कने के बावजूद इस गंभीर घटना में दोनों को किसी भी प्रकार की चोट नहीं आई।
सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, क्रैश बैरियर की मांग
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भारी रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। संकरी सड़कों, तीखे मोड़ों और पैरापिट के अभाव के चलते यह मार्ग बेहद जोखिम भरा हो चुका है, जिससे सफर खतरनाक बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से इस संवेदनशील सड़क को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खतरनाक मोड़ों पर जल्द क्रैश बैरियर और सुरक्षा दीवारें बनाई जाएं, ताकि भविष्य में होने वाले जानलेवा हादसों और किसी बड़ी अनहोनी को समय रहते रोका जा सके।