Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रेड अलर्ट के बीच भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। मंगलवार सुबह उफनाते कंदला नाले में एक प्राइवेट बस फंस गई। इस बस में 20 से 25 यात्री सवार थे। मूसलाधार बारिश के कारण नेशनल हाईवे समेत 12 सड़कें ब्लॉक हो गई हैं। स्कूलों में भी पानी भर गया है।
तीसा-चंबा मेन रोड पर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे यह हादसा हुआ। चांजू से चंबा आ रही बस कंदला नाले के तेज बहाव में फंस गई। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखकर ड्राइवर ने बस आगे नहीं बढ़ाई। घटना की जानकारी मिलते ही लोकल लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एडमिनिस्ट्रेशन से जेसीबी मशीन भेजने की डिमांड की।
भारी बारिश से 12 सड़कें बंद, स्कूल में घुसा पानी
जिले में लगातार बारिश के चलते नेशनल हाईवे और 12 लिंक रोड बंद पड़े हैं। इससे कई ग्रामीण इलाकों का संपर्क टूट गया है। वहीं, भटियात क्षेत्र की कामला पंचायत में खग्गल कूहल का पानी लोकल स्कूल में घुस गया। प्राइमरी और मिडिल स्कूल कामला का पूरा कैंपस एक तालाब में बदल गया है।
स्कूल की बिल्डिंग और ग्राउंड में पानी भरने से स्टूडेंट्स और टीचर्स को काफी परेशानी हुई। लोकल लोगों ने एडमिनिस्ट्रेशन से पानी की निकासी का परमानेंट सॉल्यूशन मांगा है। इस बीच, जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों के पास न जाएं और बिना जरूरत सफर न करें।