हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद, बिजली कटने पर पंचायत प्रधान ने दी चेतावनी

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बिजली बोर्ड और ग्रामीणों के बीच विवाद गहरा गया है. बोर्ड ने स्मार्ट मीटर न लगवाने पर ग्राम पंचायत प्रधान के घर की बिजली काट दी. इसके विरोध में प्रधान ने निजी जमीन से पोल और तार हटाने की चेतावनी दी है.

कपहाड़ा पंचायत के प्रधान विनय कुमार शर्मा ने रविवार को बिजली बोर्ड की इस कार्रवाई को अंग्रेजों के तानाशाही कदमों जैसा बताया. उन्होंने कहा कि अगर बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल नहीं की गई तो वह अपनी जमीन पर लगे सभी बिजली के खंभे और तार हटवा देंगे.

14 अक्टूबर को बिजली बोर्ड ने स्मार्ट मीटर लगाने के लिए प्रधान और उनके दिवंगत पिता के नाम नोटिस भेजा था. नोटिस में 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था. समय सीमा खत्म होते ही उनके घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया. प्रधान ने दिवंगत पिता के नाम नोटिस जारी करने पर भी कड़ा ऐतराज जताया.

पंचायत प्रस्ताव और हाई कोर्ट में याचिका का मामला

पंचायत प्रधान विनय शर्मा के अनुसार, नौ अगस्त को पंचायत ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया था. इसमें पुराने मीटर न बदलने का अनुरोध किया गया था, जिसे अधिशासी अभियंता को भी भेजा गया था. ग्रामीणों को डर है कि नए स्मार्ट मीटर से भारी आर्थिक परेशानी होगी.

इसके बावजूद बोर्ड ने मीटर बदलने की प्रक्रिया जारी रखी. इस वजह से मामला हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय तक पहुंच चुका है और याचिका दायर की गई है. वहीं बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता रमेश कुमार का कहना है कि तय नीति के तहत नोटिस के बाद ही बिजली काटने की कार्रवाई की गई है.

अधिक बिल आने की आशंका से ग्रामीणों में भारी रोष

हिमाचल प्रदेश में बिजली बोर्ड पुराने मीटरों की जगह नए स्मार्ट मीटर लगा रहा है. वर्तमान में कमर्शियल कनेक्शन बदले जा रहे हैं, लेकिन भारी-भरकम बिजली बिल आने की आशंका से उपभोक्ता लगातार विरोध जता रहे हैं. बिजली बोर्ड की इस सख्त नीति से स्थानीय लोगों में गहरा असंतोष है.

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News