National News: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को बदलते मीडिया परिदृश्य को विनियमित करने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रेस दिवस कार्यक्रम में उन्होंने भ्रामक सूचनाओं, डीपफेक, डिजिटल अरेस्ट जैसे ऑनलाइन स्कैम और बच्चों पर हानिकारक सामग्री के असर से निपटने के लिए डिजिटल मंचों की जवाबदेही तय करने की बात कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने नागरिकों को सशक्त बनाने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या डिजिटल मंचों के मौजूदा सामुदायिक दिशा-निर्देश भ्रामक विज्ञापनों और डिजिटल अरेस्ट जैसी ऑनलाइन धोखाधड़ी की समस्याओं का समाधान करने के लिए पर्याप्त हैं। वैष्णव ने स्पष्ट किया कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
युवा पत्रकारों से कौशल निखारने का आह्वान
अश्विनी वैष्णव ने तकनीक के तेजी से बदलते दौर का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले पांच वर्षों में पिछले दो दशकों की तुलना में कहीं अधिक तकनीकी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने युवा पत्रकारों से आग्रह किया कि वे समय के साथ खुद को ढालें और अपने कौशल को लगातार निखारते रहें। इसके साथ ही उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर जोर दिया।
पीसीआई अध्यक्ष ने पत्रकारिता की नैतिकता पर रखी बात
इस अवसर पर प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई ने प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा करने और पत्रकारिता के मानकों को बेहतर बनाने के प्रति परिषद की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि आज फोन और इंटरनेट का उपयोग करने वाला कोई भी व्यक्ति खबर फैलाने वाला बन सकता है, लेकिन हर किसी को पत्रकारिता की नैतिकता का प्रशिक्षण नहीं मिला होता और न ही वे इसके नियमों से बंधे होते हैं।