New Delhi News: राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने शुक्रवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश के रेल नेटवर्क के विस्तार पर चर्चा की। बैठक में उन्होंने ब्रॉडगेज लाइन को कांगड़ा और मंडी तक बढ़ाने तथा पठानकोट-जोगिंदर नगर मार्ग पर ट्रेन सेवाओं का नियमित संचालन शुरू करने की मांग उठाई।
सांसद अनुराग शर्मा ने रेल संपर्क को मजबूत करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा और मंडी तक ब्रॉडगेज लाइन का विस्तार होने से व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और राज्य के दूरदराज इलाकों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी, जिससे यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
पठानकोट-जोगिंदर नगर रूट पर ट्रेनें बहाल करने की मांग
इसके अलावा सांसद ने पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरोगेज रूट पर सभी ट्रेनों का नियमित संचालन बहाल करने का अनुरोध किया। उन्होंने इस रेल मार्ग को हिमाचल की ऐतिहासिक विरासत बताया और कहा कि यह पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों के लिए बेहद जरूरी है। इस मार्ग पर ट्रेनें शुरू होने से हजारों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद की बातों को ध्यान से सुना। उन्होंने अधिकारियों को इन सभी मांगों का उचित स्तर पर परीक्षण करने के निर्देश देने का भरोसा दिया। सांसद अनुराग शर्मा ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत करती रहेगी।