Solan News: सोलन जिले के अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत बखालग में खाली से पावघाटी तक सड़क की दयनीय स्थिति पर सामाजिक कार्यकर्ता रमेश गौतम ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से सड़क की तुरंत मरम्मत कराने की मांग की है।
रमेश गौतम ने लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशासी अभियंता, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रीय विधायक संजय अवस्थी से मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सड़क लंबे समय से बदहाल है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ग्रामीण नियमित रूप से टैक्स चुकाते हैं और अपने प्रतिनिधियों को चुनते हैं। इसलिए बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा पाना उनका मौलिक अधिकार है।
रमेश गौतम ने आरोप लगाया कि सड़क की वर्तमान स्थिति लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो बखालग पंचायत के लोग उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ऐसी स्थिति बनती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग, प्रशासन और सरकार की होगी। उन्होंने जनहित को प्राथमिकता देते हुए लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से खाली से पावघाटी मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की अपनी मांग दोहराई है।