Lifestyle Desk: घरों में आलू-शिमला मिर्च की सब्जी आम तौर पर बनाई जाती है, लेकिन अगर एक ही तरह के स्वाद से मन भर गया है, तो आप इसे नए और बेहतरीन तरीके से बना सकते हैं। उबले आलू, हरी शिमला मिर्च, प्याज, लहसुन और देसी घी के तड़के से बनने वाली यह सूखी सब्जी लंच और डिनर दोनों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। इसे आप गर्मागर्म रोटी, पराठे या पूड़ी के साथ परोस सकते हैं।
आवश्यक सामग्री
- उबले हुए आलू: जरूरत के अनुसार
- शिमला मिर्च: 2 (चौकोर टुकड़ों में कटी हुई)
- टमाटर: 1 (चौकोर टुकड़ों में कटा हुआ)
- प्याज: 1 (बारीक कटा हुआ)
- लहसुन: कुछ कलियां (बारीक कटी हुई)
- जीरा: आधा छोटा चम्मच
- तेल: 2 चम्मच
- देशी घी: 1 चम्मच
- हल्दी पाउडर: स्वादानुसार
- लाल मिर्च पाउडर: स्वादानुसार
- नमक: स्वादानुसार
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
बनाने की आसान विधि
- प्याज और लहसुन को भूनें: सबसे पहले कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालकर चटकने दें। इसके बाद बारीक कटा प्याज और लहसुन डालकर मध्यम आंच पर तब तक भूनें, जब तक प्याज हल्का सुनहरा न हो जाए।
- शिमला मिर्च और घी मिलाएं: अब कड़ाही में कटी हुई शिमला मिर्च, थोड़ा नमक और एक चम्मच देसी घी डालें। शिमला मिर्च को मध्यम आंच पर करीब 5 मिनट तक भूनें। ध्यान रखें कि यह पूरी तरह नरम न हो, क्योंकि हल्की कुरकुरी शिमला मिर्च से सब्जी का स्वाद और टेक्सचर बेहतरीन रहता है।
- आलू और मसाले डालें: इसके बाद उबले हुए आलू को मध्यम आकार के टुकड़ों में काटकर कड़ाही में मिला दें। साथ ही हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह चलाएं, ताकि मसाले आलू और शिमला मिर्च पर अच्छी तरह लिपट जाएं।
- टमाटर के साथ पकाएं: अंत में कटे हुए टमाटर डालकर सभी सामग्री को मिलाएं। कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर करीब 10 मिनट तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें ताकि सब्जी नीचे से जले नहीं। जब टमाटर नरम हो जाएं और मसाले अच्छी तरह मिल जाएं, तो गैस बंद कर दें। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें।