चंडीगढ़ में 21 से 23 दिसंबर तक होगा ऑल इंडिया महिला अधिवक्ता क्रिकेट टूर्नामेंट

Share

- Advertisement -

Chandigarh News: महिला अधिवक्ता क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 21 से 23 दिसंबर 2026 तक चंडीगढ़ में ऑल इंडिया महिला अधिवक्ता फ्रेंडली क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। चार राज्यों की टीमों वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला अधिवक्ताओं में खेल, फिटनेस, आत्मविश्वास और तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

महिला अधिवक्ताओं में खेल, फिटनेस और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गठित महिला अधिवक्ता क्रिकेट एसोसिएशन 21, 22 और 23 दिसंबर 2026 को चंडीगढ़ में ऑल इंडिया महिला अधिवक्ता फ्रेंडली क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करेगी। इसे देश में अपनी तरह की पहली पहल बताया जा रहा है।

एडवोकेट सविता सिसोदिया की पहल पर इस एसोसिएशन का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में महिला अधिवक्ताओं के क्रिकेट मैच कराने के लिए उन्होंने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के सामने यह प्रस्ताव रखा था। इसी विचार को राष्ट्रीय स्तर पर आगे ले जाने के लिए एसोसिएशन बनाई गई है। इस मुहिम में उनके साथ एडवोकेट किरनदीप कौर, सुमन सागर, शिवानी, जसप्रीत कौर, सुमन कुमारी और कमलदीप कौर भी जुड़ी हैं।

टूर्नामेंट में चार राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा

इस टूर्नामेंट में अलग-अलग राज्यों की चार टीमें भाग लेंगी। इनमें दिल्ली की दिल्ली डायनामाइट्स, हिमाचल प्रदेश की हिमालयन क्वींस इलेवन, आंध्र प्रदेश की डेक्कन क्वींस और पंजाब एवं हरियाणा की द विकेट काउंसल्स शामिल हैं। द विकेट काउंसल्स टीम में पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल में नामांकित सभी महिला अधिवक्ताओं को जुड़ने का खुला निमंत्रण दिया गया है।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल क्रिकेट मुकाबले तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य महिला अधिवक्ताओं को कानूनी पेशे की व्यस्तताओं और तनावपूर्ण दिनचर्या से राहत देना, फिटनेस बनाए रखना, आपसी मेलजोल बढ़ाना और अपनी रुचियों व प्रतिभा को निखारने का अवसर देना है।

2027 में सभी राज्यों की टीमें जोड़ने का लक्ष्य

सविता सिसोदिया ने बताया कि वर्ष 2027 में देश के सभी राज्यों की महिला अधिवक्ताओं की टीमों को इस पहल से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रतियोगिता में उम्र की कोई सीमा नहीं है और अधिकांश महिला अधिवक्ता पहली बार क्रिकेट खेलेंगी।

उन्होंने कहा कि यह कदम बेहतर फिटनेस, मनोरंजन और तनावपूर्ण जीवन में खुशियां लाने का प्रयास है। सविता सिसोदिया के अनुसार, “काली कोट के पीछे एक खिलाड़ी की भावना भी है। हम केवल क्रिकेट नहीं खेल रहे, बल्कि इतिहास रचने, बाधाओं को तोड़ने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई राह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हमारा मकसद महिलाओं को प्रेरित करना और उनके जीवन में मुस्कान लाना है।”

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News