Shimla News: हिमाचल प्रदेश के निवासियों को आधार कार्ड बनवाने या उसमें संशोधन करवाने के लिए अब चंडीगढ़ के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों—शिमला, मंडी और कांगड़ा में आधार सेवा केंद्र शुरू कर दिए हैं, जिससे लोगों को घर के नजदीक ही आधार से जुड़ी सभी सुविधाएं मिल सकेंगी।
इन तीन शहरों में बनाए गए हैं आधार सेवा केंद्र
यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ के अनुसार, प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए शिमला, मंडी और कांगड़ा में विशेष आधार सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर नया आधार पंजीकरण से लेकर बायोमेट्रिक अपडेट और अन्य जरूरी बदलाव आसानी से किए जा सकते हैं:
- शिमला केंद्र: यह केंद्र ईस्टलिन कॉम्प्लेक्स, अपर ग्राउंड फ्लोर, हिमुर्जा के समीप, एसडीएस (SDA) कॉम्प्लेक्स, कसुम्पटी में स्थित है।
- मंडी केंद्र: यह केंद्र ग्राउंड फ्लोर, पारस होटल के नजदीक, सौली खड्ड (पिन कोड- 175001) में बनाया गया है।
- कांगड़ा केंद्र: यह केंद्र जमानाबाद रोड, तलपुरा (पिन कोड- 176001) में स्थित है।
प्रदेश के नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार इनमें से किसी भी केंद्र पर जाकर इन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। ये केंद्र पहले से चल रहे अन्य नामांकन और अपडेट केंद्रों के अलावा अतिरिक्त विकल्प के तौर पर काम करेंगे।
नया आधार बनवाना पूरी तरह निःशुल्क
इन आधार सेवा केंद्रों पर नया आधार कार्ड बनवाना पूरी तरह से निःशुल्क है। इसके अलावा, कार्ड धारक अपने नाम, पते, जन्मतिथि और लिंग जैसे जनसांख्यिकीय विवरणों में संशोधन करवा सकते हैं। साथ ही, बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट करने की सुविधा भी यहाँ उपलब्ध है। अन्य निर्धारित सेवाओं के लिए यूआईडीएआई के नियमों के अनुसार शुल्क देय होगा। इन केंद्रों पर बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से सुलभ और सुविधाजनक व्यवस्था की गई है।
चंडीगढ़ जाने से पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट है जरूरी
यूआईडीएआई ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी विशेष कार्य के लिए चंडीगढ़ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय जाना अनिवार्य हो, तो नागरिक अपनी यात्रा से 10 से 15 दिन पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट जरूर बुक करें। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट https://sewa.uidai.gov.in पर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अग्रिम पंजीकरण से लोगों को यात्रा की योजना बनाने और कार्यालय में बिना किसी असुविधा के व्यवस्थित तरीके से सेवा प्राप्त करने में मदद मिलेगी। सामान्य कार्यों के लिए प्रदेश के तीनों केंद्रों का ही रुख करने की सलाह दी गई है।