Cuttack News: हावड़ा से सिकंदराबाद जा रही फलकनुमा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई और उसने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। घटना की सूचना मिलते ही कटक रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की ‘मेरी सहेली’ टीम सक्रिय हो गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही जच्चा-बच्चा को सुरक्षित उतारकर तत्काल एंबुलेंस से एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ट्रेन संख्या 12703 हावड़ा-सिकंदराबाद फलकनुमा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक गर्भवती महिला को अचानक लेबर पेन शुरू हुआ। 27 वर्षीय अशमीन खातून अपने पति मोहम्मद इमरान कुरैशी के साथ हावड़ा से सिकंदराबाद की यात्रा कर रही थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे चलती ट्रेन के जनरल कोच में उन्होंने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्रसव की जानकारी मिलते ही सह-यात्रियों और रेल प्रशासन के माध्यम से तुरंत कटक आरपीएफ को सूचित किया गया।
स्टेशन पहुंचने से पहले तैयार रखी गई एंबुलेंस और मेडिकल टीम
सूचना मिलते ही कटक रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली। दोपहर 3:06 बजे जैसे ही फलकनुमा एक्सप्रेस प्लेटफार्म संख्या तीन पर आकर रुकी, राहत एवं बचाव दल तुरंत हरकत में आ गया।
ड्यूटी अधिकारी एएसआई सीआर सामंत्रे, एएसआई एके साहू, महिला हेड कांस्टेबल मीता राउत और ‘मेरी सहेली’ टीम की महिला कांस्टेबल सरस्वती राउत ने स्टेशन अधीक्षक के समन्वय से संबंधित कोच में प्रवेश किया। टीम ने बिना समय गंवाए प्रसूता और नवजात शिशु को बेहद सावधानीपूर्वक कोच से नीचे उतारा।
एससीबी मेडिकल कॉलेज में भर्ती, यात्रियों ने की सराहना
आरपीएफ टीम ने जच्चा और बच्चा दोनों को पहले से तैयार एंबुलेंस के जरिए सीधे कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में दोनों को जरूरी चिकित्सीय देखभाल दी जा रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
कटक आरपीएफ और ‘मेरी सहेली’ टीम की इस त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय पहल की ट्रेन में मौजूद यात्रियों तथा स्थानीय नागरिकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।