त्योहारों से पहले रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: मिठाई दुकानों पर छापेमारी, एक्सपायरी सामग्री जब्त और जुर्माना

Share

- Advertisement -

Ranchi News: दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया है। कोकर और बूटी मोड़ क्षेत्र में गंदगी व नियमों के उल्लंघन पर दो प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया गया। वहीं, तुपुदाना स्थित एक मिठाई दुकान से एक्सपायरी दूध, खोवा, मिलावटी पनीर और प्रतिबंधित रंग बरामद कर कार्रवाई की गई है।

दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए रांची जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान छेड़ दिया है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने कोकर, बूटी मोड़ और तुपुदाना क्षेत्रों में स्थित मिठाई दुकानों एवं डेयरी प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों की पड़ताल की गई तथा संदिग्ध सामग्रियों के नमूने एकत्र किए गए।

कोकर और बूटी मोड़ में दो दुकानों पर जुर्माना

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने कोकर और बूटी मोड़ स्थित कई मिठाई और डेयरी दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी और परिसर में गंदगी पाए जाने पर दो प्रतिष्ठानों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर संचालित इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नम्रता महतो, मनीषा, रवि हांसदा और सहायक सजल श्रीवास्तव शामिल रहे। टीम ने विभिन्न मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तुपुदाना में एक्सपायरी दूध, खोवा और प्रतिबंधित रंग बरामद

विभाग की टीम ने तुपुदाना चौक के समीप स्थित ‘बज बजरंग स्वीट्स’ में भी छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान दुकान से भारी मात्रा में एक्सपायरी दूध और खोवा, मिलावटी पनीर तथा मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित रंग बरामद किए गए। इसके अलावा दुकान में सोनपापड़ी और दूध पेड़ा सहित कई अन्य मिठाइयां बिना लेबल और निर्माण तिथि के रखी पाई गईं। विभाग ने सामग्री को जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने और केवल गुणवत्तापूर्ण सामग्रियों के उपयोग की सख्त हिदायत दी है। विभाग के अनुसार, त्योहारों के दौरान नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News