Ghaziabad News: गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल परिसर में बाहरी और असामाजिक तत्वों की आवाजाही से सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। सोमवार सुबह ओपीडी शुरू होने से पहले सफाई के दौरान कर्मचारियों को अस्पताल के वेटिंग रूम में शराब की खाली बोतलें और परिसर में जगह-जगह इस्तेमाल की हुई सिरिंज पड़ी मिलीं।
सफाई कर्मचारियों ने तत्काल इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन को अवगत कराया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी परिसर स्थित बाथरूम के आसपास नशे से जुड़ी सामग्री बरामद हो चुकी है। बताया जा रहा है कि दोपहर में ओपीडी का समय समाप्त होने के बाद अस्पताल परिसर में संदिग्ध और नशेड़ी किस्म के लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है।
17 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद हो रही चूक
हैरानी की बात यह है कि अस्पताल परिसर की निगरानी के लिए 24 घंटे अलग-अलग शिफ्टों में 17 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद परिसर के भीतर असामाजिक तत्वों के बैठने और नशा करने की घटनाएं सुरक्षा प्रणाली में लापरवाही को दर्शाती हैं।
इमरजेंसी वार्ड में हंगामे से उपकरणों को नुकसान
अस्पताल प्रशासन के सामने केवल बाहरी तत्वों की ही चुनौती नहीं है, बल्कि इमरजेंसी वार्ड में भी आए दिन मरीजों के तीमारदारों द्वारा हंगामा करने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इन विवादों के दौरान कई बार अस्पताल के दरवाजे और आवश्यक मेडिकल उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। सोमवार को भी अस्पताल प्रबंधन की ओर से ऐसी ही दो घटनाओं की सूचना पुलिस को भेजी गई है।
सीसीटीवी फुटेज की होगी जांच, सुरक्षाकर्मियों से जवाब तलब
मामला संज्ञान में आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की बात कही है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) ने सुरक्षाकर्मियों की कार्यप्रणाली की जांच के निर्देश दिए हैं।
“अस्पताल परिसर में असामाजिक तत्वों के शाम को बैठकर हंगामा करने और शराब पीने की बात संज्ञान में आई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने के बाद संबंधित सुरक्षाकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाएगा।”
— डॉ. राकेश कुमार, सीएमएस, जिला एमएमजी अस्पताल