New Delhi News: खाद्य सुरक्षा नियामक एफएसएसएआई ने नियमों के उल्लंघन पर कड़ा रुख अपनाया है। प्राधिकरण ने फाइव स्टार होटल रेडिसन ब्लू, फ्लिपकार्ट और बिगबास्केट समेत कई कंपनियों पर सख्त कार्रवाई की है। जांच में सफाई, रखरखाव और तेल के भ्रामक विज्ञापनों से जुड़ी कई गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं।
रेडिसन ब्लू होटल में निरीक्षण के दौरान फ्रीजर से लीकेज, मशीनों पर जंग और खराब वेंटिलेशन मिला। किचन में कॉकरोच और मक्खियां पाई गईं। इसके अलावा फफूंद लगी सब्जियां और तय मानकों से ज्यादा खराब कुकिंग ऑयल इस्तेमाल हो रहा था। कई कर्मचारी बिना ग्लव्स और हेयरनेट के काम करते मिले।
राइस ब्रान ऑयल के भ्रामक विज्ञापनों पर ई-कॉमर्स को नोटिस
एफएसएसएआई ने फ्रीडम राइस ब्रान ऑयल के प्रचार को लेकर बिगबास्केट, फ्लिपकार्ट और जेमिनी एडिबल्स को नोटिस थमाया है। सोशल मीडिया और ऑनलाइन साइटों पर तेल से कोलेस्ट्रॉल घटने और दिल सेहतमंद रहने के दावे किए गए थे। नियामक के अनुसार विज्ञापन नियमों के तहत ऐसे दावे करना पूरी तरह गैरकानूनी है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि जेमिनी एडिबल्स बिना वैध केंद्रीय लाइसेंस के ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए खाद्य उत्पाद बेच रही थी। प्राधिकरण ने इन सभी कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कंपनियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि नियमों के उल्लंघन पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों न की जाए।
डीएनवी का लाइसेंस सस्पेंड, जाह्नवीतन्नी का रद्द किया गया
खाद्य मानकों की अनदेखी पर डीएनवी फूड प्रोडक्ट्स का लाइसेंस तुरंत निलंबित कर दिया गया है। कंपनी के परिसर में भारी गंदगी, जाले और पापड़ पर बैठी मक्खी मिली। इसके अलावा वैध मंजूरी के बिना खाद्य पदार्थों की री-पैकेजिंग हो रही थी। आवश्यक पैकेजिंग सर्टिफिकेट और मॉक रिकॉल रिकॉर्ड भी मौजूद नहीं थे।
नियमों की लगातार अनदेखी करने पर जाह्नवीतन्नी फर्म का लाइसेंस पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। पहले निलंबन के बावजूद यह इकाई बिना सुधार किए काम कर रही थी। एफएसएसएआई ने साफ किया कि जनता की सेहत से खिलवाड़ और भ्रामक प्रचार करने वाले खाद्य कारोबारियों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी।
