Los Angeles News: हॉलीवुड और मशहूर टीवी सीरीज ‘द सोप्रानोस’ के फैंस के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले सीनियर एक्टर विंसेंट पास्टोर का 80 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
विंसेंट पास्टोर ने ‘द सोप्रानोस’ सीरीज में एक गैंगस्टर का यादगार किरदार निभाया था। इस रोल ने उन्हें दुनियाभर के दर्शकों के बीच एक खास पहचान दिलाई और हॉलीवुड में उनकी एक अलग इमेज बनाई। काफी दिनों से किसी के संपर्क में न रहने के बाद जब उनके घर की जांच की गई, तो वे मृत पाए गए।
सह-कलाकार माइकल इंपेरिओली ने सोशल मीडिया पर जताया दुख
एक्टर के निधन की पुष्टि उनके मैनेजर बॉब मैकगोवन ने एसोसिएटेड प्रेस से बातचीत में की। वहीं उनके सह-कलाकार इंपेरिओली ने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए दुख जताया। उन्होंने लिखा कि हमारे प्यारे दोस्त और साथी विंसेंट पास्टोर का जाना पूरे परिवार और दोस्तों के लिए बहुत ही मुश्किल घड़ी है।
इंपेरिओली ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि वे विंसेंट को सालों से जानते थे और दोनों ने साथ में काफी काम किया था। अमेरिका, इटली और ऑस्ट्रेलिया के दौरों के दौरान दोनों ने काफी अच्छा वक्त बिताया। विंसेंट एक बेहद नेक दिल इंसान और भाई जैसे थे, जो अपनों का बहुत ख्याल रखते थे।
एक्टिंग करियर की शुरुआत से पहले अमेरिकी नेवी में थे विंसेंट
विंसेंट पास्टोर ने साल 1980 के दशक में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने हॉलीवुड को कई हिट फिल्में और यादगार प्रोजेक्ट्स दिए। बहुत कम लोग जानते हैं कि एक्टर बनने से पहले वे अमेरिकन नेवी में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे और वियतनाम युद्ध के दौरान वहां तैनात थे।