राहुल गांधी के बयान पर छिड़ी बहस के बीच जानें भारतीय स्थापत्य और परंपरा में इसका संदर्भ

Share

- Advertisement -

New Delhi News: राहुल गांधी द्वारा अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के निजी संबंधों को लेकर दिए गए बयान पर राजनीतिक बहस छिड़ गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा समेत कई भाजपा नेताओं ने सार्वजनिक जीवन में ऐसी बातें कहने पर सवाल उठाए हैं, वहीं भारतीय स्थापत्य और धार्मिक परंपराओं में इसके अलग संदर्भ देखने को मिलते हैं।

    सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के दौरान राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के आपसी प्रेम और रिश्ते को साझा किया था। उन्होंने बताया था कि दोनों के बीच गहरा लगाव था और पिता के जाने के बाद मां का जीवन पूरी तरह बदल गया था। इसी संबोधन में उन्होंने कहा था कि ‘हर बार खाना खाते समय पापा की गोद में मां होती थीं।’

    राहुल गांधी के इस बयान के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सहित कई भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई। सरमा ने कहा कि इस तरह की निजी बातें सार्वजनिक जीवन में नहीं की जानी चाहिए। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी इस बात को लेकर बहस शुरू हो गई कि क्या पारिवारिक और निजी जीवन की बातों को सार्वजनिक मंच पर साझा करना उचित है।

    भारतीय स्थापत्य और मूर्तिकला में इसके उदाहरण

    भारतीय सभ्यता और शास्त्रों के संदर्भ में पत्नी को गोद में बैठाने को सीधे तौर पर कहीं गलत नहीं बताया गया है। भारतीय मंदिरों के स्थापत्य और मूर्तिकला में ऐसी कई प्रतिमाएं मिलती हैं, जिनमें देवता की बाईं जंघा या गोद में देवी को विराजमान दिखाया गया है। हालांकि, इनका अर्थ केवल पति-पत्नी के प्रेम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे शक्ति और चेतना के मिलन के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।

    इसका एक प्रमुख उदाहरण कर्नाटक के हलेबिडु स्थित होयसल वंश से जुड़े 12वीं शताब्दी के होसलेश्वर मंदिर की उमा-महेश्वर प्रतिमा है। इस प्रतिमा में भगवान शिव नंदी पर सवार हैं और उनकी बाईं जंघा पर देवी पार्वती बैठी नजर आती हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के मूर्तिकला संबंधी अभिलेखों के अनुसार, इस स्वरूप का वर्णन मत्स्य पुराण में मिलता है। इसमें शिव का दाहिना पैर नीचे की ओर है, उनका एक हाथ देवी का आलिंगन कर रहा है और देवी अपना हाथ शिव के गले में डाले हैं। इस प्रतिमा में भगवान गणेश और कार्तिकेय भी मौजूद हैं।

    शाक्त और वैष्णव परंपरा में मान्यता

    शाक्त परंपरा में माता पार्वती को केवल शिव की पत्नी के रूप में नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि की मूल शक्ति के तौर पर दर्शाया गया है। आदि शंकराचार्य द्वारा संस्कृत में रचित ग्रंथ ‘सौंदर्य लहरी’ में शिव की गोद में विराजमान त्रिपुरसुंदरी के ध्यान का वर्णन किया गया है। भारतीय मूर्तिकला के इतिहासकार जे.एन. बनर्जी ने भी अपनी पुस्तक ‘द डेवलपमेंट ऑफ हिंदू आइकॉनोग्राफी’ में इस परंपरा का उल्लेख किया है।

    इसी तरह वैष्णव परंपरा में भी भगवान नरसिंह की गोद में माता लक्ष्मी के विराजमान होने का उल्लेख मिलता है। इस स्वरूप और विग्रह को लक्ष्मी-नरसिंह कहा जाता है।

    Read more

    Related News