New Delhi News: मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर द्वारा भगवान राम को आदर्श और जीवन जीने का तरीका बताने वाले बयान का विभिन्न राजनीतिक दलों और संत समाज ने स्वागत किया है। अयोध्या के संत सीताराम दास, भाजपा, शिवसेना और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उनके विचारों से सहमति जताई है।
मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर के भगवान राम को लेकर दिए गए बयान पर अब विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और संत समाज की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जावेद अख्तर ने कहा था कि भगवान राम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा था कि धर्म कोई भी हो, राम हर भारतीय के खून में हैं।
संत समाज और भाजपा ने किया समर्थन
अयोध्या में संत सीताराम दास ने जावेद अख्तर के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि भगवान राम का नाम दो अक्षरों का है, लेकिन उनकी महिमा अनंत है। उन्होंने कहा, “सनातन धर्म सभी धर्मों का पिता है। समय के साथ बदलाव के कारण अलग-अलग पंथ बने और आने वाले समय में भी नए पंथ बन सकते हैं। सनातन धर्म का महत्व सभी के लिए है।”
झारखंड के रांची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने भी जावेद अख्तर की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम देश की आस्था के प्रतीक हैं और उनका हर व्यक्ति के जीवन से जुड़ाव है। शाहदेव के अनुसार, “जावेद अख्तर की बात को समझने की जरूरत है। देश में रहने वाले कई मुस्लिम परिवारों के पूर्वज हिंदू थे और मुगल शासन के दौरान मजबूरी में उनका धर्मांतरण हुआ था। इस्लाम से राम का इतिहास पुराना है और भगवान राम हर भारतीय के मन में बसे हैं।”
शिवसेना और सपा नेताओं की प्रतिक्रिया
मुंबई में शिवसेना नेता शायना एनसी ने भी जावेद अख्तर की सराहना की। उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर ने ऐसी बात कहने की हिम्मत दिखाई है और भारत में रहते हुए भगवान राम को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। शायना एनसी ने कहा, “रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं है, बल्कि जीवन जीने का तरीका भी सिखाती है। इससे बड़ों का सम्मान करना, सच के लिए लड़ना और अपने वादे पूरे करना जैसी सीख मिलती है।”
वहीं, अयोध्या में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद ने भी जावेद अख्तर की बात को सही बताया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि धर्म के नाम पर किसी को टिप्पणी करने से बचना चाहिए और सभी धर्मों का सम्मान किया जाना चाहिए।
फिल्म ‘रामायण’ पर जावेद अख्तर का बयान
जावेद अख्तर ने मंगलवार को मुंबई में इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (आईपीआरएस) की म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट लॉन्च के मौके पर मीडिया से बातचीत की थी। इस दौरान उनसे नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सवाल पूछा गया था।
इस पर जावेद अख्तर ने कहा था, “अभी तक मैंने फिल्म नहीं देखी है, लेकिन मैं इसे जरूर देखना चाहूंगा। मेरी बेटी जोया अख्तर फिल्म देख चुकी हैं और उन्होंने इसकी तारीफ की है। वह किसी चीज की तारीफ बहुत कम करती हैं। उसने तो कभी अपने पिता के काम की भी इतनी तारीफ नहीं की।”