Mumbai News: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुंबई और राजस्थान पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए टीमों ने 24 घंटे के भीतर तीन शूटरों को कोटा स्टेशन से दबोच लिया। आरोपी ट्रेन के जरिए नेपाल भागने की फिराक में थे।
यह वारदात रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू स्थित एक फुटबॉल क्लब के बाहर हुई। टाइगर श्रॉफ जब अपनी कार से बाहर निकल रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हमले में अभिनेता बाल-बाल बच गए, लेकिन उनका ड्राइवर और एक ऑटो चालक घायल हो गए।
अंधेरी में छोड़ी बाइक और 20 टीमों ने शुरू की जांच
हमले के बाद आरोपी तुरंत मोटरसाइकिल से भाग निकले। सुरक्षा एजेंसियों ने एक्शन लेते हुए तुरंत 20 विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने अंधेरी वेस्ट स्टेशन के पास से उस बाइक को बरामद किया, जिससे शूटर भागे थे। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि आरोपी सड़क के रास्ते सूरत पहुंचे थे।
जांच में खुलासा हुआ कि शूटरों को इस हमले के लिए 50 हजार रुपये एडवांस मिले थे। आपस में बातचीत और लोकेशन साझा करने के लिए वे सिग्नल और टेलीग्राम जैसे सुरक्षित ऐप्स का इस्तेमाल कर रहे थे। सूरत से वे ट्रेन पकड़कर सीधे राजस्थान की तरफ निकल गए।
कोटा स्टेशन पर पुणे-जयपुर सुपरफास्ट ट्रेन में हुई घेराबंदी
मुंबई क्राइम ब्रांच से मिले सटीक इनपुट के बाद राजस्थान पुलिस और एजीटीएफ ने कोटा रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाया। पुणे-जयपुर सुपरफास्ट ट्रेन के जनरल डिब्बे में सवार तीनों आरोपियों को सुबह 10:17 बजे गाड़ी रुकते ही घेरकर पकड़ लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।
