Sonipat News: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग मामले में पकड़े गए 18 वर्षीय आरोपी रेहान की मां ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि पांच महीने पहले रेहान अवैध हथियार रखने के मामले में जेल गया था। कुछ दिन पहले उसने दो लाख रुपये मिलने की बात कही थी।
रेहान की मां के अनुसार उसने यह नहीं बताया था कि काम क्या करना है। परिवार को अंदाजा नहीं था कि वह पैसों के लालच में किसी बड़ी वारदात से जुड़ जाएगा। गोहाना में आर्म्स एक्ट के तहत जेल जाने के दौरान ही उसके लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों के संपर्क में आने की बात सामने आई है।
गोहाना का नाबालिग साथी एक माह पहले निकला था घर से
इस वारदात में पकड़ा गया गोहाना के एक गांव का नाबालिग आरोपी करीब एक महीने पहले घर से निकला था। उसके पिता ने बताया कि वह टाइल्स और पत्थर लगाने का काम सीखने जाता था। परिजनों को इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि वह गोहाना से मुंबई कब और कैसे पहुंच गया।
मामले में बिहार के बेगूसराय निवासी रितिक का नाम भी शामिल है। हालांकि मीडिया में तस्वीर सामने आने के बाद उसकी मां ने उसे अपना बेटा मानने से साफ इन्कार कर दिया है। परिजनों के मुताबिक करीब तीन महीने पहले उसके दिल्ली से मुंबई जाने की खबर मिली थी, जिसके बाद से संपर्क नहीं था।
