Mumbai News: टीवी एक्टर अली गोनी और जन्नत जुबैर ने ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3’ की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। हफ्तों तक चले कुकिंग चैलेंज और एंटरटेनमेंट के बाद रविवार को इस जोड़ी को शो का विनर घोषित किया गया। फिनाले में दोनों की परफॉर्मेंस काफी शानदार रही।
कॉमेडी और कुकिंग का दिखा अनोखा मेल
भारती सिंह ने इस लोकप्रिय शो को होस्ट किया। वहीं सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी ने जज की भूमिका निभाई। पूरे सीजन के दौरान कंटेस्टेंट्स ने कठिन रेसिपीज और मुश्किल टास्क का सामना किया। इसके अलावा कृष्णा अभिषेक और सुदेश लहरी ने अपनी शानदार कॉमेडी से दर्शकों का मनोरंजन किया।
शानदार टीमवर्क ने दिलाया अली-जन्नत को स्टार्स
अली गोनी और जन्नत जुबैर ने अपने बेहतरीन टीमवर्क से सबको प्रभावित किया। अली ने किचन में आत्मविश्वास दिखाया और जन्नत ने नया सीखने का जज्बा रखा। शो में तेजस्वी, करण कुंद्रा और एल्विश के पास ज्यादा स्टार्स थे। हालांकि फिनाले में चूक होने के कारण ट्रॉफी जन्नत और अली के हाथ लग गई।
खतरों के खिलाड़ी की टीम संग फिनाले
ग्रैंड फिनाले में मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी और ‘खतरों के खिलाड़ी’ के नए सीजन के कंटेस्टेंट्स शामिल हुए। इन खास मेहमानों ने शो में पहुंचकर फिनाले के माहौल को और यादगार बना दिया। विनर का नाम अनाउंस होने से पहले सभी सितारों ने साथ में जमकर जश्न मनाया।
जीत के बाद जन्नत जुबैर ने कहा, “‘लाफ्टर शेफ्स’ एक अनोखा शो है। भले ही अली और मैंने ट्रॉफी जीती है, लेकिन मेरे लिए इस शो से जुड़ा हर इंसान विनर है। हम सबने एक-दूसरे की कामयाबी का जश्न मनाया और साथ में आगे बढ़े। यही बात इस पूरे सफर को खास बनाती है।”
जन्नत ने आगे कहा, “इस शो ने मुझे सिखाया कि दोस्ती, दयालुता और टीमवर्क भी जीत की तरह जरूरी हैं। मैं उन सभी लोगों की शुक्रगुजार हूं जिन्होंने इस सफर को यादगार बनाया।” इस सीजन में अंकिता लोखंडे-विक्की जैन, तेजस्वी-अर्जुन बिजलानी, करण-एल्विश, निया-सुदेश और समर्थ-अभिषेक जैसी जोड़ियों ने हिस्सा लिया था।