National News: टोयोटा 25 नवंबर को भारत में इनोवा हाइक्रॉस का फेसलिफ्ट लॉन्च करने वाली है। इसके अलावा कंपनी अगले 12 महीनों में दो नई एमपीवी ला सकती है, जिनमें मारुति सुजुकी की YMC इलेक्ट्रिक एमपीवी पर आधारित एक इलेक्ट्रिक एमपीवी और अपडेटेड रुमियन शामिल हैं। हालांकि इन दोनों मॉडलों का नाम, बैटरी और लॉन्च समयसीमा अभी घोषित नहीं हुई है।
नई इलेक्ट्रिक एमपीवी के साथ टोयोटा भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक एमपीवी सेगमेंट में कदम रख सकती है, जबकि रुमियन फेसलिफ्ट से फैमिली कार खरीदने वालों को एक नया विकल्प मिलेगा।
मारुति YMC पर आधारित इलेक्ट्रिक एमपीवी
इस लिस्ट में सबसे नया मॉडल मारुति सुजुकी YMC इलेक्ट्रिक एमपीवी का टोयोटा वर्जन होगा। मारुति सुजुकी फिलहाल भारत में YMC की टेस्टिंग कर रही है। टोयोटा का यह मॉडल काफी हद तक मारुति के वर्जन जैसा होगा, लेकिन इसके एक्सटीरियर डिजाइन में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। दोनों एमपीवी का साइज, इंटीरियर, फीचर लिस्ट और प्लेटफॉर्म लगभग एक जैसा रहने की उम्मीद है। यह कुछ वैसा ही होगा, जैसा Toyota Urban Cruiser Ebella और मारुति सुजुकी e Vitara के बीच देखने को मिलता है।
टोयोटा की इस इलेक्ट्रिक एमपीवी को Heartect-e स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। यही प्लेटफॉर्म e Vitara और Ebella में भी इस्तेमाल हुआ है। इसे टोयोटा, सुजुकी और Daihatsu ने मिलकर डिवेलप किया है। बैटरी पैक की बात करें तो इसमें e Vitara और Ebella जैसे 49kWh और 61kWh बैटरी ऑप्शन मिलने की संभावना है। हालांकि कंपनी ने अभी इसके नाम, बैटरी कैपेसिटी, रेंज और लॉन्च टाइमलाइन की जानकारी नहीं दी है।
रुमियन का फेसलिफ्ट वर्जन
टोयोटा की दूसरी अपकमिंग एमपीवी रुमियन का फेसलिफ्ट वर्जन होगी। इसे मारुति सुजुकी अर्टिगा के अपडेटेड मॉडल के बाद लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। नई अर्टिगा के डिजाइन में बड़े बदलाव नहीं होंगे, लेकिन कुछ छोटे-मोटे अपडेट देखने को मिल सकते हैं। यही बदलाव बाद में रुमियन फेसलिफ्ट में भी दिए जाएंगे।
नई रुमियन के केबिन में 10.25-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है, जो वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay सपोर्ट करेगा। इसके अलावा नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स भी दिए जा सकते हैं। टोयोटा अपने मॉडल को अर्टिगा से अलग दिखाने के लिए कुछ खास डिजाइन बदलाव भी करेगी।
इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसमें मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ CNG पावरट्रेन भी जारी रह सकता है। अपडेटेड रुमियन की एक्स-शोरूम कीमत करीब 10 लाख से 14 लाख रुपये के बीच हो सकती है। यह उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर लाई जाएगी, जो एक प्रैक्टिकल फैमिली एमपीवी के साथ टोयोटा की सेल्स और सर्विस नेटवर्क का फायदा चाहते हैं।