कांग्रेस को 26 सीट भी नहीं मिलेगी, सपा पर ओपी राजभर का तंज, बताया आगे क्या होगा

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा है कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। इस पर राज्य मंत्री ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को 26 सीट भी नहीं मिलेगी।

ओपी राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की राजनीति को वह अच्छी तरह समझते हैं। अभी सीटों की संख्या 26 बताई जा रही है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें बदलाव दिखेगा। उन्होंने कहा कि अभी 26 सीटों की बात हो रही है, इसके बाद 25 सीटों की सूची सामने आएगी और कुछ दिनों बाद 22 सीटों की एक और सूची आएगी। आखिरी फैसला तब होगा जब दोनों पार्टियों के नेता एक साथ बैठेंगे। इन लोगों के शोर से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

सीट बंटवारे को लेकर जारी है बातचीत

सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है। कुछ सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की थी, जबकि कुछ सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा करीब 20 ऐसी सीटों का प्रस्ताव दिया गया है, जहां समाजवादी पार्टी को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को केवल 2 हजार वोट मिले थे।

जब रामगोपाल यादव से पूछा गया कि क्या सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला हो जाएगा, तो उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उसकी स्थिति और प्रदर्शन के आधार पर सीटें दी जाएंगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि जिन सीटों पर कांग्रेस को हार मिली है, उन्हें देना आसान नहीं होगा।

दोनों दलों के बीच जारी बातचीत के बीच ऐसी भी खबरें आई हैं कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 180 सीटों पर लड़ने की इच्छा जताई है, जबकि सपा कांग्रेस को इतनी सीटें देने को राजी नहीं है। सोमवार को कांग्रेस और सपा के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के बीच कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर करीब 20 मिनट तक बैठक हुई थी। बैठक में सपा की ओर से सांसद रामगोपाल यादव, राजीव राय, इकरा हसन और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल शामिल थे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News