Bhadohi News: भदोही जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात करीब 421 सहायक शिक्षकों को प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नति मिलेगी। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक-कंपोजिट विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के रिक्त पदों पर यह पदोन्नति होगी, जिससे सभी स्कूलों को प्रभारी प्रधानाध्यापकों से मुक्ति मिलेगी और शिक्षकों को स्थायी नेतृत्व मिलेगा।
बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित परिषदीय विद्यालयों में तैनात सहायक शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही है। जिले में प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय मिलाकर कुल 885 विद्यालय संचालित हो रहे हैं।
इनमें प्राथमिक स्तर के 253 और पूर्व माध्यमिक स्तर के 168 विद्यालय प्रधानाध्यापक विहीन चल रहे हैं। इन विद्यालयों का संचालन अभी प्रभारी प्रधानाध्यापकों के जरिए किया जा रहा है।
वरिष्ठता सूची तैयार, जल्द होगी काउंसलिंग
रिक्त पदों पर पदोन्नति देने के लिए सहायक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार कर ली गई है। जल्द ही काउंसलिंग प्रक्रिया संपन्न कराकर पदोन्नति दी जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि पदोन्नति के साथ सभी स्कूलों में प्रधानाध्यापक की तैनाती हो जाएगी। इससे विद्यालयों के संचालन में स्थायित्व आएगा और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।