नीट में 215 की जगह 315 अंक बताकर बीएएमएस में दाखिले की कोशिश, क्यूआर कोड ने खोली पोल

Share

- Advertisement -

Dehradun News: उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की काउंसलिंग में नीट के अंकों में हेरफेर का मामला सामने आया है, जहां एक अभ्यर्थी ने 215 अंकों को 315 बताकर बीएएमएस में दाखिला लेने का प्रयास किया। स्कोर कार्ड पर 315 अंक दर्ज थे, लेकिन क्यूआर कोड स्कैन करने पर 215 अंक सामने आए और दावे की पोल खुल गई।

नीट के अंकों में 100 की बढ़ोतरी कर बीएएमएस में दाखिला दिलाने का मामला उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की काउंसलिंग में सामने आया है। 215 अंकों को 315 बताने वाला स्कोर कार्ड लेकर पहुंचे अभ्यर्थी के दावे की पोल क्यूआर कोड स्कैन होते ही खुल गई।

विश्वविद्यालय ने दस्तावेजों को संदिग्ध और कूटरचित मानते हुए पिता के खिलाफ डोईवाला थाने में तहरीर दी है। विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव संजीव कुमार पांडेय की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, फरीदाबाद निवासी अनुराग खरे 24 नवंबर को बेटी आस्था खरे की यूजी मॉपअप राउंड काउंसलिंग में पहुंचे थे।

उन्होंने दावा किया कि नीट के परिणाम में बेटी के अंक गलत दर्ज हुए हैं। उसके वास्तविक अंक 215 के बजाय 315 हैं। इसके समर्थन में उन्होंने 315 अंक वाला स्कोर कार्ड प्रस्तुत किया और 23 नवंबर को विश्वविद्यालय को ईमेल भी भेजा था।

एक आवेदन, दो अलग-अलग अंक और रैंक

जांच में विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड में एक ही आवेदन संख्या पर दो आवेदन प्रपत्र मिले। दोनों में छात्रा का नीट रोल नंबर, जन्मतिथि, व्यक्तिगत विवरण, भुगतान और च्वाइस लॉकिंग का समय समान था।

दोनों आवेदन 19 नवंबर को सुबह 8:53 बजे लॉक किए गए थे और 2,000 रुपये का भुगतान भी समान था। लेकिन एक आवेदन में 215 अंक, 50.6446088 पर्सेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 9,81,113 दर्ज थी। दूसरे में 315 अंक, 72.7723205 पर्सेंटाइल और रैंक 5,81,113 दर्शाई गई।

मेरिट सूची में भी कम अंक, क्यूआर कोड ने भी पकड़ा अंतर

विश्वविद्यालय की 21 नवंबर को जारी अनंतिम मेरिट सूची में छात्रा के 215 अंक और 9,81,113 रैंक ही दर्ज है। काउंसलिंग के दौरान प्रस्तुत स्कोर कार्ड का क्यूआर कोड स्कैन करने पर भी यही अंक सामने आए।

काउंसलिंग बोर्ड ने इसे दाखिले में अनुचित लाभ लेने के लिए दस्तावेजों में कथित हेरफेर का मामला मानते हुए एफआइआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद विश्वविद्यालय ने पुलिस को तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News