बिहार के सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव, पढ़ाई के समय मीटिंग-ट्रेनिंग पर लगी पूरी तरह रोक

Share

- Advertisement -

Bihar News: बिहार के शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई का समय बचाने के लिए 22 बिंदुओं का नया दिशा-निर्देश जारी किया है। अब स्कूल समय के दौरान शिक्षकों को किसी भी मीटिंग, ट्रेनिंग, वर्कशॉप या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में नहीं बुलाया जाएगा। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने अधिकारियों को इसे लागू करने का आदेश दिया है।

शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को पत्र भेजकर इस नई व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया है। सीवान, गोपालगंज, जमुई, दरभंगा और पटना सहित विभिन्न जिलों के स्कूलों के निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए यह बड़ा कदम उठाया गया है।

पढ़ाई के समय नहीं होगी कोई मीटिंग या ट्रेनिंग

नए आदेश के तहत अब स्कूल समय के दौरान शिक्षकों को किसी भी मीटिंग, ट्रेनिंग, वर्कशॉप या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में नहीं बुलाया जाएगा। विभागीय अधिकारी भी पढ़ाई के घंटों में शिक्षकों से किसी प्रकार की रिपोर्ट या आंकड़े नहीं मांगेंगे। केवल किसी बहुत जरूरी स्थिति में ही लिखित कारण के साथ इसे स्वीकार किया जाएगा। गैर-शैक्षणिक कार्यों में भी शिक्षकों की ड्यूटी तभी लगाई जाएगी जब यह बेहद अनिवार्य हो और इससे कक्षाएं प्रभावित न हों।

कोई भी घंटी नहीं जाएगी खाली, बनेगा स्पेशल रजिस्टर

स्कूल निर्धारित समय पर खुलेंगे, प्रार्थना सभा समय पर होगी और पहली घंटी से ही पढ़ाई शुरू हो जाएगी। यदि कोई शिक्षक अवकाश पर है तो उन्हें इसकी पहले से ही सूचना प्रधानाध्यापक को देनी होगी। प्रधानाध्यापक हर सुबह शिक्षकों की उपस्थिति देखकर उसी दिन वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था करेंगे, ताकि कोई भी कक्षा बिना शिक्षक के खाली न रहे। इसके लिए हर स्कूल में एक स्पेशल रजिस्टर रखा जाएगा। स्कूल के शैक्षणिक अनुशासन के लिए प्रधानाध्यापक व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।

दैनिक पाठ योजना, साप्ताहिक परीक्षा और दंड पर रोक

पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए हर शिक्षक को दैनिक पाठ योजना बनानी होगी और शिक्षण डायरी रखनी होगी। प्रारंभिक कक्षाओं में बुनियादी साक्षरता और संख्या-ज्ञान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें पढ़ने, लिखने और गणित में अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। रोजाना होमवर्क के साथ साप्ताहिक और मासिक परीक्षाएं होंगी तथा बच्चों की दैनिक उपस्थिति दर्ज कर लगातार अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा, बच्चों को किसी भी तरह का शारीरिक या मानसिक दंड देने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।

खेलकूद, सेल्फ-डिफेंस ट्रेनिंग और साप्ताहिक निरीक्षण

बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल समय के बाद सप्ताह में नियमित फुटबॉल अभ्यास कराया जाएगा, जिसमें लड़के और लड़कियां दोनों भाग लेंगे। पीटी शिक्षक बच्चों, विशेषकर लड़कियों को नियमित सेल्फ-डिफेंस ट्रेनिंग देंगे। निर्धारित दिनों पर गीत-संगीत, नाटक, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी तथा साप्ताहिक रूप से शैक्षिक वीडियो दिखाए जाएंगे। इस पूरी व्यवस्था को धरातल पर उतारने के लिए जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी हर सप्ताह स्कूलों का निरीक्षण करेंगे और जिलों में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News