National News: ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम (एआईएसएसईई) 2027 के लिए बुधवार तक 1,25,332 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है, जबकि 73,669 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा शुल्क का भुगतान किया है। एनटीए ने ताजा आंकड़े जारी किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 है।
एनटीए ने कहा है कि जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक अपना आवेदन पूरा नहीं किया है, वे अंतिम समय का इंतजार न करें। आवेदन https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाकर फॉर्म पूरा करें, परीक्षा शुल्क का भुगतान करें और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करें। एआईएसएसईई 2027 के जरिए देश भर के प्रमुख 33 सैनिक स्कूलों की कक्षा 6 व 9 में दाखिला होगा। सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा का आयोजन 31 जनवरी 2027 को होगा और रिजल्ट परीक्षा के चार से छह सप्ताह के बाद आएगा।
कहां-कहां होगा दाखिला
एआईएसएसईई से देश भर के 33 मौजूदा सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा रक्षा मंत्रालय द्वारा अनुमोदित 80 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 तथा 40 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 9 के स्तर पर प्रवेश मिलेगा।
आयु और पात्रता
कक्षा 6 के लिए छात्र की आयु 31 मार्च 2027 को 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए, यानी जन्म 01 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच हुआ हो। लड़के और लड़कियां दोनों आवेदन कर सकते हैं। नए सैनिक स्कूलों के 60 प्रतिशत रूट (कैटेगरी बी) के लिए छात्र का उसी स्वीकृत नए सैनिक स्कूल में पहले से नामांकित होना और कक्षा 5 में अध्ययनरत या उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
कक्षा 9 के लिए छात्र की आयु 31 मार्च 2027 को 13 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए, यानी जन्म 01 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच हुआ हो। प्रवेश के समय किसी मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा 8वीं उत्तीर्ण होना चाहिए।
मैथ्स और क्वालिफाइंग मार्क्स
दोनों कक्षाओं की प्रवेश परीक्षाओं में मैथ्स से 50 फीसदी सवाल होंगे, इसलिए जिसका मैथ्स अच्छा है, उसके सफल होने के चांस ज्यादा होंगे। प्रवेश परीक्षा में सफलता के लिए छात्र को हर सेक्शन में कम से कम 25 फीसदी और कुल मिलाकर 40 फीसदी मार्क्स लाना जरूरी है। एससी और एसटी विद्यार्थियों के लिए यह शर्त नहीं है।
नए सैनिक स्कूलों में दो कैटेगरी में दाखिला
कक्षा 6 में कैटेगरी ए (40 प्रतिशत रूट) के तहत लड़कियों के लिए प्रवेश खुला है और आयु मानदंड लड़कों के समान ही हैं। अभ्यर्थी संबंधित नए सैनिक स्कूल की वेबसाइट पर लड़कियों के लिए सीटों की उपलब्धता की जांच कर सकते हैं। कैटेगरी बी (60 फीसदी रूट) में भी लड़कियों के लिए प्रवेश खुला है। उम्मीदवारों को उस स्वीकृत नए सैनिक स्कूल में अध्ययनरत होना चाहिए जहां वे प्रवेश लेना चाहते हैं और 31 मार्च 2027 तक कक्षा 5 उत्तीर्ण या उसमें उपस्थित होना चाहिए।
कक्षा 9 में नए सैनिक स्कूलों में कैटेगरी ए (40 फीसदी रूट) के तहत प्रवेश केवल उन लड़कों और लड़कियों के लिए है जिन्होंने सैनिक स्कूल वर्टिकल में कक्षा 8 उत्तीर्ण की है। प्रवेश प्रारंभिक अनुमानित रिक्तियों के 40 फीसदी रूट और बाद में निकाली गई रिक्तियों के तहत न भरी गई शेष रिक्तियों तक ही सीमित है। कैटेगरी बी (60 फीसदी रूट) में प्रवेश केवल उन लड़कों और लड़कियों के लिए है जिन्होंने सैनिक स्कूल श्रेणी में कक्षा 8 उत्तीर्ण की है और यह केवल उन बची हुई रिक्तियों तक सीमित है जो प्रारंभिक अनुमानित रिक्तियों के 60 फीसदी रूट के अंतर्गत नहीं भरी गई हैं और बाद में निकाली गई हैं।
अहम तिथियां
ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की तिथि 03 नवंबर 2026 से 02 दिसंबर 2026 (रात 11:50 बजे तक) है। सामान्य शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि भी 02 दिसंबर 2026 (रात 11:50 बजे तक) है। 500 रुपये लेट फीस के साथ आवेदन व शुल्क भुगतान 03 दिसंबर 2026 से 06 दिसंबर 2026 (रात 11:50 बजे तक) तक किया जा सकेगा। आवेदन विवरण में सुधार 07 दिसंबर 2026 से 09 दिसंबर 2026 तक होगा। परीक्षा शहर की अग्रिम सूचना 11 जनवरी 2027 को मिलेगी और एडमिट कार्ड 25 जनवरी 2027 से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
परीक्षा की तिथि 31 जनवरी 2027 है। कक्षा 6 की परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 04:30 बजे तक (कुल 150 मिनट) और कक्षा 9 की परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक (कुल 180 मिनट) होगी। परीक्षा का मोड ओएमआर उत्तर पत्रक पर पेन-पेपर आधारित वस्तुनिष्ठ प्रश्न होगा।