Raipur News: छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष का कीट विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र लीक हो गया। परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले ही पेपर वाट्सएप पर वायरल हो गया था। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा रद्द कर तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
सितंबर के पहले सप्ताह में आयोजित होगी दोबारा परीक्षा
विश्वविद्यालय के 27 कृषि महाविद्यालयों के लगभग 1,200 छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए थे। सुबह आठ बजे पेपर लीक की सूचना मिलने के बावजूद परीक्षा शुरू करा दी गई थी। दोपहर में उच्चस्तरीय बैठक के बाद परीक्षा को रद्द करने का अंतिम निर्णय लिया गया। अब यह परीक्षा सितंबर के पहले सप्ताह में होगी।
जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष समिति का गठन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर पूरे मामले की पड़ताल के लिए पांच सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि पेपर किसी बाहरी स्रोत से छात्रों तक पहुंचा था। इससे पहले मार्च 2024 में भी पेपर लीक के आरोप लगे थे, लेकिन तब जांच में इसे अफवाह बताया गया था।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. कपिल देव दीपक ने बताया कि छात्रों के हित और परीक्षा की निष्पक्षता को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।