Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (एचपीबोस) ने 10वीं और 12वीं के 377 विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। री-इवैल्यूएशन के बाद फेल से कंपार्टमेंट श्रेणी में आए छात्रों को बोर्ड ‘वन-टाइम स्पेशल चांस’ देने जा रहा है। इससे छात्रों का एक पूरा साल बर्बाद होने से बच जाएगा।
मार्च 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के बाद असंतुष्ट छात्रों ने री-इवैल्यूएशन और री-चेकिंग के लिए आवेदन किया था। री-इवैल्यूएशन रिजल्ट में 10वीं के 222 और 12वीं के 155 छात्रों का परिणाम सुधरकर कंपार्टमेंट श्रेणी में बदल गया। लेकिन रिजल्ट आने तक जुलाई की सप्लीमेंट्री परीक्षा खत्म हो चुकी थी।
377 छात्रों को मिलेगा विशेष परीक्षा में बैठने का मौका
सप्लीमेंट्री परीक्षा छूट जाने से इन 377 विद्यार्थियों के सामने साल खराब होने का संकट पैदा हो गया था। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि छात्रों के शैक्षणिक हितों को देखते हुए उन्हें विशेष मौका देने का फैसला लिया गया है। बोर्ड हमेशा छात्र-हित को ही प्राथमिकता देता है।
बोर्ड जल्द ही इस विशेष परीक्षा के लिए विस्तृत नोटिफिकेशन और शेड्यूल जारी करेगा। आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा की तारीखों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। बोर्ड प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है ताकि छात्र समय पर फॉर्म भर सकें।
शिक्षा बोर्ड ने सभी पात्र छात्रों और अभिभावकों से नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करने की अपील की है। अभ्यर्थियों को तय समय सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। समय पर आवेदन करके छात्र इस विशेष अवसर का पूरा फायदा उठा सकते हैं।