Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को फ्री यूनिफॉर्म योजना का लाभ मिलेगा। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने सत्र 2026-27 के लिए सभी छात्राओं, एससी, एसटी और बीपीएल वर्ग के छात्रों को 600 रुपये देने की प्रक्रिया शुरू की है।
सरकार यह सहायता राशि डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजेगी। शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशकों को 3 अगस्त तक पात्र विद्यार्थियों की संख्या और बैंक खातों का विवरण भेजने के निर्देश जारी किए हैं।
मुफ्त वर्दी योजना के लिए शिक्षा विभाग के निर्देश
सभी स्कूलों को लाभार्थियों का पूरा डाटा एकत्र करके निर्धारित प्रारूप में प्रस्ताव निदेशालय को भेजना होगा। निदेशालय ने साफ किया है कि छात्र इस राशि का इस्तेमाल स्कूल यूनिफॉर्म खरीदने के लिए करेंगे। यह सुविधा शिक्षा का अधिकार (आरटीई) कानून के तहत दी जा रही है।
इस बार शिक्षा निदेशालय ने पीएम श्री स्कूलों और सामान्य सरकारी विद्यालयों के लिए अलग-अलग पत्र जारी किए हैं। दोनों तरह के स्कूलों से अलग-अलग प्रस्ताव मांगे गए हैं। इससे जिलों को समय पर बजट जारी होगा और विद्यार्थियों के खातों में राशि आसानी से ट्रांसफर की जा सकेगी।