यमुनानगर में जमीन के इंतकाल के नाम पर रिश्वत लेते पटवारी का सहायक गिरफ्तार: विजिलेंस ने 10 हजार रुपये के साथ रंगे हाथों दबोचा

Share

- Advertisement -

Yamunanagar News: हरियाणा के यमुनानगर की व्यासपुर तहसील में जमीन की तकसीम का इंतकाल दर्ज करने की एवज में पटवारी के सहायक को विजिलेंस ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 63 कनाल 17 मरले भूमि के काम के लिए कुल 14 हजार रुपये मांगे थे, जिसमें से 4 हजार रुपये पहले ले चुका था।

हरियाणा के यमुनानगर स्थित व्यासपुर तहसील में जमीन की तकसीम का इंतकाल कराने की एवज में रिश्वत लेते हुए एक पटवारी के सहायक को हरियाणा विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सहायक नरेंद्र को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की घूस लेते हुए तहसील कार्यालय के कमरा नंबर 213 से पकड़ा गया।

हरियाणा विजिलेंस के इंस्पेक्टर तेजपाल ने बताया कि शिकायतकर्ता की 63 कनाल 17 मरले कृषि योग्य भूमि है, जिसकी तकसीम का इंतकाल कराया जाना था। पीड़ित पिछले 6 महीने से इंतकाल दर्ज कराने के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। जब वह संबंधित पटवारी से मिला, तो पटवारी ने उसे अपने निजी सहायक नरेंद्र से मिलने को कहा। इसके बाद नरेंद्र ने काम करने की एवज में 14,000 रुपये की रिश्वत मांगी।

4 हजार पहले लिए, बाकी 10 हजार लेते ही दबोचा

शिकायतकर्ता ने बताया कि मांग के अनुसार 4,000 रुपये पहले ही दे दिए गए थे, जबकि शेष 10,000 रुपये की राशि देने के लिए दिन तय किया गया था। इसी दौरान पीड़ित ने पूरे मामले की सूचना हरियाणा विजिलेंस को दी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और व्यासपुर तहसील कार्यालय के कमरा नंबर 213 में जैसे ही सहायक नरेंद्र ने 10,000 रुपये की शेष राशि ली, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

संबंधित पटवारी की भूमिका की भी होगी जांच

विजिलेंस इंस्पेक्टर ने बताया कि सरकारी नियमों के तहत कोई पटवारी इस प्रकार निजी सहायक रख सकता है या नहीं, इसकी गहनता से जांच की जाएगी। इसके अलावा मामले में संबंधित पटवारी की क्या भूमिका रही है, इसकी भी पूरी पड़ताल की जा रही है। जांच में संलिप्तता पाए जाने पर पटवारी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News