Mathura News: वृंदावन स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के एक शिष्य की रहस्यमयी हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी के रूप में हुई है। वह आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीसीटीवी फुटेज में चौथी मंजिल से कूदते दिखे शिष्य
पुलिस जांच के अनुसार शुक्रवार सुबह रसिक दुलारी शरण खून से सने कपड़ों में अपने कमरे से बाहर आए। इसके बाद वे चौथी मंजिल की छत पर पहुंचे। कुछ देर जमीन पर लेटने के बाद अचानक नीचे छलांग लगा दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वृंदावन के सर्कल ऑफिसर संदीप कुमार सिंह के मुताबिक कमरे से एक ग्राइंडर बरामद हुआ है। मृतक के प्राइवेट पार्ट पर धारदार हथियार से कटने के गंभीर निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुष्टि हुई है कि शरीर से अधिक खून बहने के चलते उनकी जान गई है।
फॉरेंसिक जांच जारी, संतों ने उठाए आश्रम पर सवाल
पुलिस ने मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। आशंका है कि घटना से पहले व्हाट्सएप चैट या फोटो-वीडियो डिलीट किए गए हैं। आश्रम के सीसीटीवी डीवीआर को भी सील कर दिया गया है ताकि पूरे घटनाक्रम की सत्यता सामने आ सके।
इस अप्रत्याशित घटना से वृंदावन के साधु-संतों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। महंत मोहिनी शरण महाराज ने आश्रम प्रबंधन की चुप्पी पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा कि इतने संवेदनशील मामले पर अभी तक आश्रम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान क्यों जारी नहीं हुआ।