सिंगापुर में नौकरी दिलाने के नाम पर ऊना के व्यक्ति से 8 लाख की ठगी, हरियाणा के 3 आरोपियों पर केस दर्ज

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सिंगापुर में वर्क वीजा और नौकरी का झांसा देकर एक व्यक्ति से 8 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना अम्ब ने रोहतक निवासी तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुबारिकपुर निवासी पीड़ित राम सिंह ने जनवरी 2026 में सोशल मीडिया पर एक इमिग्रेशन कंपनी का विज्ञापन देखा था। संपर्क करने पर हरियाणा के रोहतक निवासी पूनम, दीपक और रियाज ने उसे सिंगापुर में दो साल का वर्क वीजा दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में 8 लाख रुपये ठग लिए।

आरोपियों ने फर्जी तरीके से तैयार आईपीए (In-Principle Approval) लेटर दिया, जिसमें 6,300 सिंगापुर डॉलर प्रति माह वेतन का झूठा दावा था। राम सिंह ने इसे सच मानकर अपने पैसों से हवाई टिकट खरीदी और 15 मार्च 2026 को सिंगापुर पहुंच गया। वहां पहुंचने पर उसे इस पूरी जालसाजी और धोखाधड़ी का पता चला।

सिंगापुर इमिग्रेशन विभाग से तुरंत देश छोड़ने का ई-मेल मिलने पर पीड़िता हैरान रह गया। जांच में पता चला कि जिस कंपनी का ऑफर लेटर दिया गया था, वह अस्तित्व में ही नहीं थी। इसके बाद ठगी का शिकार हुआ पीड़ित राम सिंह तुरंत भारत वापस लौट आया और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

भारत लौटने पर जब पीड़ित ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने टालमटोल की और बाद में फोन बंद कर दिए। अम्ब पुलिस थाना की टीम ने पीड़ित की शिकायत पर पूनम, दीपक और रियाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय फ्रॉड नेटवर्क की गहनता से तफ्तीश कर रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News