Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में युवती का पीछा करने और परेशान करने पर एक व्यक्ति की बुरी तरह पिटाई कर दी गई। इस हमले में गंभीर चोट लगने से 42 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह वारदात बिलासपुर के बरठीं क्षेत्र की बलोह पंचायत में सामने आई है। मृतक धर्मेंद्र सिंह झंडूता तहसील के संगास्वी-2 गांव का रहने वाला था। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने मलांगण गांव निवासी 44 वर्षीय अनूप सिंह उर्फ बंटी को मर्डर के आरोप में अरेस्ट कर लिया है।
इस पूरी घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। फुटेज में आरोपी बंटी धर्मेंद्र के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है और वहां युवती भी मौजूद है। वीडियो में धर्मेंद्र युवती के पैरों पर गिरा नजर आ रहा है। आरोपी उसे दोबारा बाइक से लड़की का पीछा न करने और शराब पीकर यहां न आने की चेतावनी दे रहा है।
वीडियो में आरोपी ने कहा कि दोबारा छेड़खानी करने पर वह उसे जेल भिजवाएगा और जूतों की माला पहनाएगा। एक अन्य वीडियो में आरोपी पट्टे जैसी चीज से धर्मेंद्र को लगातार पीटता दिख रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि धर्मेंद्र ने शराब पी रखी थी। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।